scriptकुमारस्वामी के पास 167 करोड़ की संपत्ति | Kumaraswamy has assets worth Rs 167 crores | Patrika News
बैंगलोर

कुमारस्वामी के पास 167 करोड़ की संपत्ति

पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और उनकी पत्नी अनिता कुमारस्वामी के पास 167 करोड़ की संपत्ति है।

बैंगलोरApr 21, 2018 / 10:34 pm

शंकर शर्मा

H D kumarswamy

बेंगलूरु. पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और उनकी पत्नी अनिता कुमारस्वामी के पास 167 करोड़ की संपत्ति है। चन्नपट्टणा और रामनगर से नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथ पत्र के साथ कुमारस्वामी ने अपनी और पत्नी की संपत्ति के बारे में जानकारी दी है। कुमारस्वामी दंपती पर १०३ करोड़ की देनदारियां हैं।

कुमारस्वामी के पास ४२.९१ करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी के पास १२४.२२ करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। कुमारस्वामी ने खुद को समाजसेवक और कृषि बताया है जबकि पत्नी को उद्यमी बताया है। शपथ पत्र के मुताबिक कुमारस्वामी पर २९,४७५,१९८ और उनकी पत्नी अनिता पर १,०१९,३०९,३६४ की देनदारियां हैं।

मैसूरु में भिड़े सिद्धू-देवेगौड़ा के समर्थक, लाठीचार्ज
मैसूरु. मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और जनता दल (ध) के प्रत्याशी विधायक जीटी देवेगौड़ा यहां शुक्रवार को लगभग एक ही समय नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। अंबा विलास पैलेस के निकट दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के जुलूस आमने-सामने होने पर कुछ समय के लिए तनाव बना रहा। लेकिन पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।


इससे पहले मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या तथा जी.टी.देवेगौड़ा ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले चामुंडेश्वरी तथा कोटे आंजनेया मंदिर में पूजा अर्चना की। दोनों दोपहर 1 बजे मंदिर के परिसर में पहुंच गए। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता नारे लगाते हुए एक-दूसरे के नजदीक आ गए। एक-दूसरे के खिलाफ नारे-बाजी और मारपीट पर उतारू दोनों दलों कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को अलग-थलग करने के लिए बैरीकेड लगाएं।


उसके पश्चात मुख्यमंत्री तथा जी.टी.देवेगौड़ा ने अपने परिजनों के साथ यहां के मिनी विधानसभा में नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस तथा जनता दल (ध) के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने टाउन हॉल के परिसर में रोक दिया। इस दौरान कृष्णराजा चौैराहे लेकर हार्डिंग चौराहे तक यातायात ठप हो गया।


दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले शक्ति प्रदर्शन के लिए जुलूस में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को शामिल होने के लिए बुलाया था। इसी कारण दोनों दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान जनता दल (ध) के कार्यकर्ता तथा पुलिस के बीच विवाद हुआ। स्थिति नियंत्रित करने के लिए अश्वारुढ़ पुलिस दल भी पहुंच गया। पुलिस ने दोनों दलों की जुलूस निकालने की मांग ठुकरा दी।

Home / Bangalore / कुमारस्वामी के पास 167 करोड़ की संपत्ति

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो