scriptवीर सावरकर के नाम पर फ्लाईओवर का नामकरण, विवाद शुरू | Naming the flyover after Veer Savarkar, controversy started | Patrika News
बैंगलोर

वीर सावरकर के नाम पर फ्लाईओवर का नामकरण, विवाद शुरू

गुरुवार को होगा उद्घाटन

बैंगलोरMay 27, 2020 / 06:05 pm

Santosh kumar Pandey

वीर सावरकर के नाम पर फ्लाईओवर का नामकरण, विवाद शुरू

photo symbolic

बेंगलूरु. स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के नाम पर यलहंका में एक फ्लाईओवर के नामकरण को लेकर विपक्ष ने सत्ताधारी भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। बताया जाता है कि बृहद बेंगलूर महानगर पालिका(बीबीएमपी) ने फ्लाईओवर का नाम वीर सावरकर के नाम पर करने का प्रस्ताव पास कर दिया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा इसका उद्घाटन करनेवाले हैं।
कांग्रेस ने कहा, कर्नाटक का अपमान
राज्य के विपक्षी दल कांग्रेस व जद-एस इसका विरोध कर रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिध्दरामय्या ने कहा कि फ्लाईओवर का नामकरण वीर सावरकर के नाम पर करना कर्नाटक का अपमान है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे फ्लाईओवर का नाम कर्नाटक के स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर करें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नामकरण यह साबित करता है कि जनता की चुनी हुई सरकार प्रशासन नहीं चला रही है बल्कि कुछ अन्य लोग पर्दे के पीछे से यह काम कर रहे हैं।
उन्होंने येडियूरप्पा पर तंज कसते हुए कहा कि क्या आप इसीलिए विपक्ष का सहयोग मांगते हैं ताकि जनविरोधी फैसले ले सकें।
कर्नाटक का कोई महान व्यक्ति क्यों नहीं
इस फैसले को लेकर जद (एस) के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले और बाद में कई ऐसे लोग हुए जिन्होंने इस भूमि पर अपनी अलग पहचान व खास स्थान बनाया है। इस फ्लाईओवर का नाम उनमें से किसी एक के नाम पर रखा जा सकता था। उन्होंने सवाल किया कि हमने राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों का नाम किसी अन्य राज्य में इस्तेमाल होते देखा है।
बता दें कि वीर सावरकर के नाम पर वैचारिक मतभेद हैं। सत्ताधारी भाजपा जहां उन्हें देशभक्त स्वतंत्रता सेनानी मानती है वहीं कांग्रेस सावरकर को दक्षिणपंथी विचारधारा से जुड़ा हुआ मानती है और महात्मा गांधी की हत्या में भी उनके शामिल होने का आरोप लगाती है। कुछ माह पहले स्वतंत्रता सेनानी एचएस दोरेस्वाी के वीर सावरकर को लेकर की गई आलोचना पर भाजपा नेताओं ने उन पर निशाना साधा था जबकि कांग्रेस ने दोरेस्वामी का समर्थन किया था।

Home / Bangalore / वीर सावरकर के नाम पर फ्लाईओवर का नामकरण, विवाद शुरू

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो