आनन-फानन में बैग खोला…खोलते ही आंखें भी खुली की खुली रह गईं। बैग में एक बच्चा था जो कपड़ों के बीच में रखा हुआ था। आगे जानिए क्या हुआ। चामराजपेट पुलिस थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला बैग में शिशु को रखकर एक युवक के हाथ में थमाकर गायब हो गई।
पुलिस के अनुसार राघवेन्द्र कालोनी निवासी साई चरण (22) छात्र है। वह टीआर मिल्स सर्कल के पास होटल में चाय पीने गया। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और साई चरण को एक बैग दिया, कहा कि वह शौचालय जाना चाहती है।
उसके लौटने तक बैगकी हिफाजत करे। साई चरण ने बैग लिया और महिला की प्रतीक्षा करने लगा। काफी देर बाद भी महिला नहीं आई तो वह महिला की तलाश करने लगा। महिला का पता नहीं चलने पर उसने बैग खोला तो उसमें कपड़ों के साथ एक शिशु और कुछ आभूषण थे। हैरान, परेशान साई चरण ने थाने जाकर पुलिस को बैग लौटाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शिशु को महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को सौंपा। पुलिस ने अस्पताल के पास महिला को तलाश किया, लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चला।