scriptWeather update: चढ़ते पारे के साथ गर्म हवाओं के थपेड़ों ने किया बेजार | Weather Report: Soaring mercury and hot winds have made people miserable | Patrika News
बैंगलोर

Weather update: चढ़ते पारे के साथ गर्म हवाओं के थपेड़ों ने किया बेजार

गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस

बैंगलोरMay 02, 2024 / 06:13 pm

Santosh kumar Pandey

bangalore weather

7 मई के बाद ही राहत के आसार

बेंगलूरु. सदाबहार मौसम के लिए लोकप्रिय बेंगलूरु अब मौसम की बेरुखी के कारण खबरों में है। लोग मौसम को कोसते व पसीना पोछते नजर आते हैं। नारियल पानी के भाव बढ़ गए हैं। झीलों को छूकर व बागों से छनकर बहती शीतल, सुखद हवाएं लापता हैं। उनका स्थान गर्म लू के थपेड़ों ने ले लिया है। आकाश में बादलों का नामोनिशान नहीं, सूरज अंगारे बरसाने पर आमादा है और अधिकतम तापमान लगातार उछल रहा है। आम लोग कह रहे हैं, ऐसी गर्मी नहीं देखी। शहर के बाशिंदों के इस दावे का समर्थन मौसम विभाग भी कर रहा है। दरअसल, अप्रेल का पूरा महीना बीत गया मगर बारिश नहीं हुई। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान जो कि बुधवार को 24.8 डिग्री सेल्सियस था, वह गुरुवार को बढ़कर 25.5 हो गया।

अन्य जिलों में भी प्रचंड गर्मी

राज्य के अन्य जिलों में भी प्रचंड गर्मी जारी है और मौसम विभाग के अनुसार राज्य में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के बाद ही गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम का पूर्वानुमान भी बेंगलूरु निवासियों को फिलहाल कोई राहत का संकेत नहीं दे रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मई के शुरुआती दिनों में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जाहिर है, अभी कुछ दिनों तक गर्म मौसम बना रहेगा।

जारी रहेगी तेज गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार बेंगलूरु व आसपास के जिलों में झुलसाने वाली गर्मी का दौर जारी रहेगा। अगले 36 घंटों में बेंगलूरु में मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

यहां रहेगी थोड़ी राहत

केंद्र के अनुसार राज्य के कोडुगू, उडुपी, हासन, शिवमोग्गा, चिकमगलूरु के कुछ हिस्सों और उत्तर कन्नड़ जिलों के कुछ हिस्सों में 6 मई तक तापमान 33 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं समूचे राज्य में 7 मई के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि राज्य में लोकसभा की 14 सीटों पर 7 मई को वोट डाले जाएंगे।

Hindi News/ Bangalore / Weather update: चढ़ते पारे के साथ गर्म हवाओं के थपेड़ों ने किया बेजार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो