scriptनव संवत्सर आज, निकलेगी शोभायात्रा | New Samvatsar today, procession will come out | Patrika News
बांसवाड़ा

नव संवत्सर आज, निकलेगी शोभायात्रा

नवरात्रि के अनुष्ठान व नवान्ह पारायण होंगे शुरू
 

बांसवाड़ाApr 01, 2022 / 11:58 pm

Ashish vajpayee

नव संवत्सर आज, निकलेगी शोभायात्रा

नव संवत्सर आज, निकलेगी शोभायात्रा

बांसवाड़ा. नव संवत्सर 2079 शनिवार को आरंभ होगा। भारतीय नववर्ष को लेकर जिलेभर में उत्साह है। शहरभर में नववर्ष के स्वागत में भगवा व केसरिया पताकाएं मुख्य रास्तों सहित व्यवसायिक व निजी भवनों पर फहराई गई हैं। नव संवत्सर पर दोपहर बाद तीन बजे कुशलबाग मैदान से शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं देवी मंदिरों में घट स्थापना तथा राम मंदिरों में नवान्ह पारायण के पाठ आरंभ होंगे।
नव संवत्सर पर सुबह घर-आंगन में रंगोली तथा दीपमाला सजाई जाएगी। नववर्ष समारोह समिति की ओर से दोपहर बाद कुशलबाग मैदान से तीन बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शोभायात्रा में बैंड, अश्व व ऊंटसवार चलेंगे। झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा कुशलबाग मैदान से गांधीमूर्ति, पीपली चौक, पैलेस रोड, महालक्ष्मी चौक, आजाद चौक, नई आबादी, जवाहर पुल होते हुए पुन: कुशलबाग पहुंचेगी। शोभायात्रा में सम्मिलित होने वाले नागरिकों के लिए नगर परिषद की ओर से पेयजल व शरबत आदि की व्यवस्था की गई है। विभिन्न संस्थाओं की ओर से शोभायात्रा के स्वागत की भी तैयारियां की गई हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बांसवाड़ा नगर की ओर से सुबह सात बजे भारत माता मंदिर मैदान में वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाया जाएगा। इसमें स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में सम्मिलित होंगे।
सायंकाल में दीपदान
नववर्ष पर शाम को कागदी पिकअप वियर पर दीपदान का कार्यक्रम होंगे। भारत विकास परिषद अध्यक्ष सुबोध मालोत ने बताया कि शाम सात बजे परिषद की ओर से दीपदान के साथ आतिशबाजी का कार्यक्रम रखा गया है। सिंधी समाज की ओर से चेटीचन्ड पर्व भी शनिवार को उल्लास से मनाया जाएगा। इस अवसर पर झुलेलाल मंदिर मे प्रातः हवन पूजन होगा। दोपहर में सिन्धु सागर धर्मशाला में लंगर का आयोजन होगा। शाम को कागदी पिकअप वियर पर दीपदान किया जाएगा। समाज के व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
देवालयों पर आकर्षक सजावट
चैत्र नवरात्रि व राम जन्मोत्सव के अनुष्ठान भी शनिवार से आरंभ होंगे। देवालयों में आकर्षक सजावट की गई है। देवी मंदिरों तथा लोक स्थानकों पर सुबह शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की जाएगी। त्रिपुरा सुंदरी, नंदिनी माता, विजवा माता कूपड़ा सहित शहर के अंबामाता, उत्तर व दक्षिण कालिका माता, महालक्ष्मी, कंसारवाड़ा माताजी मंदिर, आशापुरा मंदिर आदि में अनुष्ठान आरंभ होंगे। अगरपुरा स्थित दशामाता धाम पर गादीपति राजूबेन प्रजापत के सानिध्य में घट स्थापना की जाएगी। नौ दिनों तक मातारानी का षोडशोपचार पूजन, दुर्गा सप्तशती पाठ, अखंड ज्योत आदि आयोजन होंगे। प्रवक्ता रौनक पुरोहित ने बताया कि मुख्य आचार्य जुगलकिशोर भट्ट व प. गजानन्द पाठक की ओर से पहले दिन मां शैलपुत्री का पूजन किया जागा। यहां चौकी, महाआरती और बैठक गरबे होंगे। रामजन्मोत्सव को लेकर शनिवार से रूपचतुर्भज मंदिर में मानस मंडल व नेमा समाज के संयोजन में नवान्ह पारायण होगा। पंच पीपली चौक नेमा समाज की ओर से रघुनाथ मंदिर में तथा श्रीराम कॉलोनी में श्रीराम व हनुमान मंदिर में नवान्ह पारायण किया जाएगा। अध्यक्ष चंकी शाह ने बताया कि नौ अप्रेल तक नवान्ह पारायण शाम छह से रात्रि नौ बजे तक प्रेमकिशोर द्विवेदी की ओर से किया जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो