scriptबांसवाड़ा : शादी में चूरमा खाना पड़ा भारी, दूल्हे सहित 20 लोग अस्पताल में भर्ती | people sick from vomiting hospitalized | Patrika News
बांसवाड़ा

बांसवाड़ा : शादी में चूरमा खाना पड़ा भारी, दूल्हे सहित 20 लोग अस्पताल में भर्ती

आठ बच्चों को एमजी में भर्ती कराया, बाराती साथ लाए थे चूरमा, दोनों पक्षों के लोगों ने खाया

बांसवाड़ाMay 26, 2018 / 11:56 am

Ashish vajpayee

banswara

बांसवाड़ा : शादी में चूरमा खाना पड़ा भारी, दूल्हे सहित 20 लोग अस्पताल में भर्ती

बांसवाड़ा. जिले के बागीदौरा क्षेत्र के बारीगामा गांव में शुक्रवार रात शादी समारोह में चूरमा खाने के बाद 20 जने बीमार हो गए जिनमें से 8 बच्चों को यहां महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार बड़ोदिया से एक आदिवासी परिवार में बारात आई थी। बाराती अपने साथ चूरमा लाये थे जिसका सेवन दोनों ही पक्षों के लोगों ने रात में किया। कुछ ही देर में पहले बच्चों को उल्टी शुरू हुई और इसके बाद बड़े भी इसके शिकार होने लगे। दूल्हा सहित सभी बीमारों को बागीदौरा अस्पताल ले जाया गया। इनमें से अधिक गंभीर 8 बच्चों मयूर, कल्पेश, सरिता, भूमिका, शारदा, अश्विन और जिगर को रात करीब ग्यारह बजे यहां एमजी अस्पताल के शिशु वार्ड में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद सभी के स्वास्थ्य में सुधार बताया गया। शेष 10- 12 जनों को बागीदौरा में इलाज किया गया।
पहले भी मामले आए सामने
जिले में हाल ही कुछ दिनों पहले भी एक परिवार के लोगों का खाना खाने के बाद उल्टी दस्त की शिकायत के साथ अस्पताल में भर्ती हुए थे। जानकारी के अनुसार परिवार के करीब 6 सदस्यों ने बैंगन की सब्जी खाई थी जिसके बाद उल्टी दस्त के शिकार हो गए थे। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
आयुर्वेदिक औषधालय रामभरोसे
गांगड़तलाई. सल्लोपाट आयुर्वेदिक औषधालय में मरीजों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल रही। औषधालय मात्र एक कम्पाउंडर के भरोसे हैं। औधालय का खुद का भवन तक नहीं है। इससे फिलहाल यह पंचायत के भवन में संचालित हो रहा है। यहां मात्र एक कम्पाउडर ही कार्यरत है। जबकि अन्य सभी पद खाली पड़े हैं। कम्पाउडर शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे औषधालय में बैंच पर तकिया लगा कर सोता नजर आया। ग्रामीणों ने बताया कि औषधालय रामभरोसे है। यहां प्रतिदिन ऐसे ही हालत रहते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि औषधालय आए दिन बंद मिलता है। इससे मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ता है। इधर कम्पाउंडर प्रभुलाल कटारा ने बताया कि कोई मरीज नहीं आया था। इसलिए सुस्ता रहा था।

Home / Banswara / बांसवाड़ा : शादी में चूरमा खाना पड़ा भारी, दूल्हे सहित 20 लोग अस्पताल में भर्ती

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो