scriptकांग्रेस सरकार : मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान में किसानों को कर्ज माफी और बेरोजगारों को भत्ते की आस | Rajasthan farmers await debt forgiveness | Patrika News
बांसवाड़ा

कांग्रेस सरकार : मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान में किसानों को कर्ज माफी और बेरोजगारों को भत्ते की आस

www.patrika.com/banswara-news

बांसवाड़ाDec 18, 2018 / 01:35 pm

Varun Bhatt

banswara

कांग्रेस सरकार : मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान में किसानों को कर्ज माफी और बेरोजगारों को भत्ते की आस

बांसवाड़ा. प्रदेश में सत्ता बदल गई। इसके साथ ही जनजाति बहुल बांसवाड़ा के बेरोजगार युवक-युवतियों, सरकारी कार्मिकों, आमजन समेत हर वर्ग के लोगों की उम्मीदों को पंख लग गए हैं कि चुनाव के दौरान जनता से किए वादे समय पर पूरे होंगे। 10 दिन में कर्जा माफ होने की उम्मीद पर किसानों के चेहरे खिले हुए हैं तो बेरोजगारों को नई भर्तियां खुलने और भत्ता राशि मिलने की आस है। महिलाओं को सुरक्षा और बालिकाओं को विवि स्तर तक की नि:शुल्क शिक्षा मिलने, संविदाकर्मियों को समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। हालांकि नई सरकार का एक दिन पूरा हो चुका है। अभी करीब 1824 दिन शेष हैं। मुख्यमंत्री के शपथ लेने के बाद राजस्थान पत्रिका टीम भी हर वर्ग के लोगों से उनकी उम्मीद को जाना तो उन्होंने यूं बयां की अपनी बात।
खोलें भर्तियां, मिले बेरोजगारी भत्ता
नई सरकार से उम्मीद है कि अब वह जल्द से जल्द भर्तियां निकाले। बेरोजगारों को रोजगार दिलाए। रोजगार नहीं मिलने तक युवाओं को बेरोजगारी भत्ता भी शीघ्र शुरू किया जाए। विधानसभा चुनाव में युवा इन्हीं उम्मीदों के साथ बदलाव लाया है।
प्रदीप चरपोटा बीएससी फाइनल का छात्र
बांसवाड़ा : नई सरकार से वागड़ अंचल को फिर बंधी आस, रेल, रोजगार, नहर और पर्यटन के क्षेत्र में हो विकास

बिजलीघर और रेलव कार्य हो पूरा
बांसवाड़ा में बिजलीघर बनना था, लेकिन नहीं बना। नई सरकार इसे पूरा कराए। रेलवे लाइन का कार्य भी अधूरा पड़ा है। डूंगरपुर-बांसवाड़ा-रतलाम के बजाय बांसवाड़ा-रतलाम सीधी रेलवे लाइन से जोड़ा जाए। सडक़ें ठीक हो। 113 हाइवे फोरलेन बनना था, लेकिन अभी तक नहीं हो सका। यह भी पूरा होना चाहिए।
नासिर हुसैन इंदिरा कॉलोनी, बांसवाड़ा
वादों पर अमल हो
उम्मीद है नई सरकार अपने वादों पर अमल शीघ्र शुरू करेगी। बालिकाओं को विश्वविद्यालय स्तर तक की नि:शुल्क शिक्षा का वादा किया था, अब इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। शिक्षित बेरोजगारों को भत्ता शुरू हो। महिलाओं और बालिकाओं को रोजगार के अवसर मिले और पुख्ता सुरक्षा का माहौल बने।
अनिता निनामा छात्रा जीएनएम
दस दिन में हो कर्जा माफ
नई सरकार से उम्मीद है कि दस दिन में किसानों का कर्ज माफ कर देगी। चुनाव में वादा किया है। फसल के उचित दाम दिलाए। किसानों के लिए और योजनाएं बनाई जाए। गांवों में चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध कराए। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार के प्रयास होने चाहिए। सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतरी तो जनता का विश्वास टूटेगा।
मानेंग किसान, घीवापाड़ा सागड़ोद
मांगे पूरी हो
नई सरकार से सरकारी कार्मिकों को भी कई अपेक्षाएं हैं। कार्मिकों की मांगे पूरी हों। पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए। नई एनपीएस सिस्टम को खत्म किया जाए। एनपीए भी अन्य अधिकारियों की ग्रेड के अनुसार पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए लागू किया जाए। अन्य सभी विभागों के कार्मिकों की भी जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान होना चाहिए।
सोनल मेरावत सरकारी कार्मिक
पर्यटन को बढ़ावा मिले
बांसवाड़ा में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। नई सरकार यहां पर्यटन को बढ़ावा देती है तो मजदूरों का पलायन रुकने के साथ बेरोजगारी की समस्या खत्म हो सकती है। सरकार को नया उद्योग विकसित करने के भी प्रयास करने चाहिए। दो दशकों से बांसवाड़ा में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित नहीं हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से छोटी इकाईयों को बल मिलेगा।
सुनील दोसी, अध्यक्ष, बीसीसीआई

Home / Banswara / कांग्रेस सरकार : मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान में किसानों को कर्ज माफी और बेरोजगारों को भत्ते की आस

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो