scriptउत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां | Uttar Pradesh Top News 1 April 2020 | Patrika News
बाराबंकी

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

आज के अखबारों में छपी 10 बड़ी खबरें, यहां पढ़ें कहां क्या हुआ…

बाराबंकीApr 01, 2020 / 11:30 am

नितिन श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

लखनऊ. बुधवार, 01 अप्रैल, 2020 को राजधानी लखनऊ से प्रकाशित विभिन्न समाचार-पत्रों में यह अहम सुर्खियां छाई हुई हैं।

मरकज ने 20 राज्यों को मुश्किल में डाला

दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात के मरकज में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि तब्लीगी जमात में शामिल सैकड़ों लोग देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंच चुके हैं। इससे दिल्ली, यूपी समेत तमाम 20 राज्यों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
छह जिलों में 79 विदेशी नागरिक चिह्नित

प्रदेश में मंगलवार को दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज़ के संक्रमण फैलने की आशंका के मद्देनज़र प्रदेश भर में चलाए गए अभियान में 79 विदेशी नागरिकों की पहचान की गई है। यह विदेशी नागरिक मस्जिदों अथवा तब्लीगी केंद्रों में थे। फिलहाल उन्हें कोरंटाइन किया गया है। उनकी मेडिकल जांच कराई जा रही है।
तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों की तेजी से तलाश करें: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तब्लीगी जमात के संक्रमण के मद्देनज़र साफ़ कहा है कि पूरे प्रदेश में लॉकडाउन का कड़ाई से पालन हो इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जमात से जुड़े हुए लोगों की तेज़ी से तलाश की जाए, वे जहां मिले उन्हें तत्काल क्वारंटाइन किया जाए।
जमात में शामिल यूपी के 146 लोग पहचाने गए

दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में शामिल हुए यूपी के 157 लोगों में से 146 की पहचान कर ली गई है। इसमें से 9 यूपी के विभिन्न शहरों में कोरंटाइन किए गए हैं। 137 लोग दिल्ली में ही हैं। उन्हें भी कोरंटाइन किया गया है। पुलिस 11 लोगों की तलाश कर रही है।
रेडक्रास करे जरूरतमंदों की मदद: आनंदीबेन

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि रेडक्रास सोसायटी के वालंटियर की संख्या बढ़ाई जाए जिससे जरूरतमंदों की मदद हो सके। उन्होंने इसके साथ मराठी समाज यूपी और इंडियन बुलियन ज्वैलर्स संस्था की ओर से राहत सामग्री वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एम्बुलेंस हड़ताल देर शाम खत्म

पूरे प्रदेश में मंगलवार को 108, 102 व एएलएस एंबुलेंस सेवा कर्मचारियों की हड़ताल उनकी मांगे मान लिए जाने के बाद खत्म हो गई। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद चालको ने हड़ताल खत्म की है। इस बीच करीब सात घंटे मरीजों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ी।
कोरोना से लड़ाई में खुद योगी ने संभाली कमान

कोरोना से लड़ाई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक एक संवेदनशील स्थानों पर खुद नजर रख रहे हैं। चाहे संक्रमण रोकने की बात हो, गरीबों को राशन – राहत पहुंचाना हो या फिर आम लोगों को जरूरी सेवाओं और सुविधाओं की बात हो। सुबह अपने आवास पर समीक्षा करते हैं तो दोपहर में गाजियाबाद और फिर देर शाम तक स्थिति का आंकलन करने में जुट जाते हैं। उनकी कार्यशैली का यह सिलसिला बीते कई दिनों से चल रहा है।
विदेश से गांवों में आने वाले 365 लोग चिह्नित

ग्राम प्रधानों ने सीएम हेल्पलाइन को फीडबैक दिया है कि विदेशों से अब तक प्रदेश के गांवों में 365 लोग आए हैं। सीएम 1076हेल्पलाइन के जरिए ग्राम प्रधानों से तीन चरणों में सवाल पूछे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव आलोक कुमार ने बताया कि अब तक 32000 से ज्यादा ग्राम प्रधान व सभासदों से फीडबैक लिया जा चुका है।
पराग बूथों पर दूध के साथ ब्रेड और अंडे भी बिकेंगे

लॉक डाउन के दौरान ब्रेड एवं अंडे की कमी को दूर करने के लिए सरकार दोनों खाद्य पदार्थ अब पराग के बूथों पर बेचने जा रही है। प्रादेशिक कोऑपरेटिव डेरी फेडरेशन (पीसीडीएफ) को निर्देश दिए गए हैं कि वह पराग की बूथों पर ऐसी व्यवस्था कराए। पीसीडीएफ की ओर से लखनऊ में मंगलवार से इसकी शुरुआत भी कर दी गई है।
गैस सिलेंडर 62 रुपये सस्ता

गैर सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलो) 62 रुपये सस्ता हो गया है। अब सिलेंडर के लिए 779 रुपये चुकाने होंगे। खाते में 263 रुपये सब्सिडी जाएगी। नई दरें बुधवार सुबह से लागू हो गई हैं। कमर्शियल सिलेंडर (19 किलो) में भी 96 रुपये कम किए हैं। कमर्शियल सिलेंडर 1369.50 रुपये का पड़ेगा। पांच किलो वाला सिलेंडर भी 21.50 रुपये कम होने के बाद 286.50 रुपये का हो गया है।

Home / Barabanki / उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो