
2222 couples Married: गुरुवार देर रात आए तेज अंधड़ के कारण बारां के बमूलिया में हो रहे सर्वधर्म नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में बने कई डोम और टेंट धराशायी हो गए। एक डोम के गिरने के दौरान वहां मौजूद कार्यक्रम के आयोजक खान मंत्री प्रमोद जैन भाया और उनके साथी बाल-बाल बच गए। इस हादसे में विधायक पानाचंद मेघवाल की कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अंधड़ से सम्मेलन स्थल पर भारी नुकसान हुआ है।
सम्मेलन के दौरान शुक्रवार को मंच पर उद्बोधन के दौरान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने गुरुवार देर रात आए तेज अंधड़़ की आंखों-देखी बताई। उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात वे अपने साथियों के साथ एक डोम में तैयारियों को अन्तिम रूप दे रहे थे। इस दौरान तेज अंधड़ शुरू हो गया। कुछ देर बाद ही वॉकी-टॉकी पर मैसेज मिला कि एक पूरा डोम ढह गया है। थोड़ी ही देर बाद ही वे जिस डोम में बैठे थे, वह भी हिलने लगा। यह देखकर सभी लोग डोम से बाहर के भागे। वे अपनी कार में बैठकर रवाना ही हुए थे कि यह डोम भी गिर गिया। डोम का एक हिस्सा बारां विधायक पानाचंद मेघवाल के कार के पिछले हिस्से पर गिरा। इससे कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। डोम गिरने से वहां मौजूद कांग्रेस नेता गिरिराज शर्मा बटावदा समेत कई कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई।
यह भी पढ़ें : सबसे बड़ी शादी, 2000 बीघा में टेंट, पांच लाख मेहमान , 300 ट्रैक्टर से खाना सप्लाई, 7 दिन से 1000 लोग बना रहे खाना, गिनीज रिकॉर्ड वाले आ गए
भाया ने बताया कि अंधड़ से दूल्हा-दुल्हन के लिए बनाए गए 4444 टेंट के कॉटेज भी तबाह हो गए। जिस डोम में उपहार का सामान रखा था, उसके ढहने से उपहार में दिए जाने एलईडी, फ्रीज समेत कई सामान क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने मंच से घोषणा की कि उपहार में दिए जाने वाले सभी सामान 10 दिन में वर-वधु के घरों पर पहुंचा दिए जाएंगे। इसके अलावा वहां भोजनशाला के लिए बनाए कई डोम भी गिर गए।
Updated on:
27 May 2023, 11:37 AM IST
Published on:
27 May 2023, 11:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.