जानकारी के मुताबिक क्योलाड़िया के परशुरामपुर गांव में चार रोजा सालाना उर्स का प्रोगाम चल रहा है। रविवार को उर्स प्रोग्राम में कुल शरीफ की फातेहा का प्रोगाम चल रहा था। इसी बीच दोपहर में लोगों ने गांव के ही रहने वाले जाबिर के घर में गोली की आवाज सुनी। लोग दौड़कर घर में पहुंचे तो चूल्हे पर खाना बना रही जाबिर की पत्नी शबाना खून से लथपथ पड़ी थी। उसके सिर से खून बह रहा था। इस बीच शबाना की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना पर सीओ समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे। महिला के पति जाबिर ने पुलिस को बताया कि शबाना के भाई तालिब ने गोली मारकर हत्या की है। वो उनके प्रेम विवाह से नाराज था।
ग्रामीणों के मुताबिक शबाना ने गांव के ही रहने जाबिर से कुछ माह पूर्व निकाह किया था। जाबिर शादीशुदा होने के साथ दो बच्चों का पिता है। इसके अलावा वो रिश्ते में शबाना का चाचा लगता था। दोनों के प्रेम विवाह के फैसले से शबाना का भाई तालिब नाराज चल रहा था। उसने इस फैसले का विरोध भी किया लेकिन वो नहीं मानी। इसको लेकर उसने कई बार शबाना की पिटाई भी की। रविवार को तालिब के सिर पर खून सवार था और उसने अपनी बहन की ससुराल जाकर हत्या कर दी। घटना के बाद सभी सहमे हुए हैं। इस मामले में एसओ क्योलाड़िया सुदीश सिंह चौहान का कहना है कि मृतका के पति ने पत्नी के भाई के विरुद्ध उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या किये जाने की नामजद तहरीर दी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।