स्वच्छता मैराथन में हिस्सा लेने बरेली पहुंचे प्रदेश के कानून मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश पाठक ने मुहर्रम पर हुए बवाल को विपक्ष की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की हालत खिसयानी बिल्ली खम्बा नोचे वाली हो गयी। उपद्रव करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। इन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने मुहर्रम पर हुए बवाल को छोटी-मोटी समस्या बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश बहुत बड़ा प्रदेश है। ये छोटी मोटी समस्याएं हैं। सरकार बड़ी मजबूती से कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुकाबला कर रही है। कानून व्यवस्था को सही दिशा में ले जाने का काम हो रहा है।
बता दें कि प्रदेश में मुहर्रम के अवसर पर कानपुर, बलिया समेत नौ जिलों में जमकर बवाल हुआ था। जगह जगह पर पथराव के साथ ही आगजनी भी हुई थी। बवाल में कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया था। बवाल को काबू करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज तक करना पड़ा।
कानपुर में तो दो जगहों पर मुहर्रम को लेकर बवाल हुआ। पहले कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दो पक्षों में पथराव हुआ। पुलिस कल्याणपुर में हुए बवाल को शांत करा ही रही थी कि जूही के परामपुरवा में मुहर्रम का जुलूस निर्धारित रुट से आगे बढ़ने पर बवाल शुरू हो गया और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया और कई वाहनों में आग भी लगा दी गयी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया था।