6 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

300 करोड़ में बाड़मेर-जालोर स्टेट हाईवे का होगा कायाकल्प

-पुराना हाईवे जगह-जगह से क्षतिग्रस्त, इसलिए नया बनाने का निर्णय, अब टू-लेन बनेगा मार्ग, यातायात होगा सुगम
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

bhawani singh

•

Updated: 8 Jul 2017, 9:23 AM IST

Barmer

Barmer

बाड़मेर से जालोर तक का मार्ग अधिक सुगम बनाने के लिए इसे टू-लेन स्टेट हाईवे बनाने की तैयारी है। इस मार्ग के कायाकल्प पर करीब 300 करोड़ की लागत आएगी। करीब 148 किलोमीटर लंबे मार्ग के बनने से बाड़मेर-जालोर के बीच की दूरी तय करने में 30 मिनट कम लगेंगे। अभी इस स्टेटमार्ग की हालत खस्ता है। जिसके चलते समय अधिक लगता है।

बाड़मेर-सिणधरी-अरणियाली जालोर राज्यमार्ग बाड़मेर से चवा तक राज्यमार्ग 40 और इससे आगे 16 नम्बर है। वर्तमान में यह मार्ग काफी क्षतिग्रस्त है। सिणधरी के पास लूनी नदी का रास्ता भी जर्जर है। बाड़मेर शहर से निकलते ही कुर्जा फांटे तक तो चलना भी मुश्किल है। इसके अलावा सिंगल रोड से भी परेशानी है। इस मार्ग को अब टू-लेन यानि करीब दस मीटर चौड़ी करने के साथ ही 300 करोड़ से बाड़मेर से जालोर तक पूरा मार्ग नया तैयार किया जाएगा।

सितंबर में होगा बाड़मेर से काम शुरू

बाड़मेर के हिस्से में 83 किमी सड़क है। इसका निर्माण कार्य सितंबर माह में प्रारंभ किया जाएगा। जालोर के हिस्से का कार्य 65 किमी है, जिसका निर्माण शुरू हो चुका है। संपूर्ण 148 किमी मार्ग का नवनिर्माण दो साल में पूर्ण किया जाएगा।

यह प्रस्ताव भी भेजा गया है

अभी यह रोड सिणधरी चौराहे से जालोर तक मानी गई है। सिणधरी चौराहे पर इस वक्त फ्लाईओवर का निर्माण हो रहा है। स्थानीय स्तर से प्रस्ताव भेजा गया है कि इसे अब रामूबाई स्कूल के पास बने रेल ओवरब्रिज के पास से बनाया जाए। जिससे यह मार्ग क्षतिग्रस्त होता है तो पीडब्ल्यूडी तुरंत बना सके। यह सड़क अक्सर क्षतिग्रस्त रहने से शहरवासियों को परेशानी रहती है।

लूनी नदी पर बनाया जाएगा पुल

लूनी नदी की रपट जो सिणधरी गांव में है, यहां पुल का प्रस्ताव भी लिया गया है। साथ ही करीब एक किलोमीटर तक सिणधरी कस्बे में रोड फोरलेन बनाई जाएगी। जिससे कस्बे में यातायात को लेकर आने वाली समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

पांच किमी होगी फोरलेन

बाड़मेर शहर से कुर्जा फांटे तक करीब पांच किलोमीटर रोड को फोरलेन बनाया जाएगा और इसके बीच में डिवाइडर लगेंगे। अभी यह रोड सिंगल है और यातायात को लेकर काफी दबाव रहता है। वाहनों का आना-जाना मुश्किल हो रहा है।

बदल जाएगी चौराहे की सूरत

शहर के सिणधरी चौराहे पर दो साल बाद स्थिति एकदम बदल जाएगी। एक तरफ जहां फ्लाईओवर का निर्माण पूर्ण होगा। रामूबाई स्कूल तक भी फोरलेन रोड का निर्माण और फ्लाईओवर के कारण जैसलमेर और गुजरात जाने वाली सड़कें नई बन जाने से चौराहे का कायाकल्प ही हो जाएगा।

एक नजर में हाईवे

- 300 करोड़ आएगी मार्ग की लागत

- 2 साल में बनकर होगा तैयार

- 148 किमी होगी लंबाई

- 30 मिनट समय बचेगा

निर्माण कार्य सिंतबर से होगा शुरू

सितंबर से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। दो साल में पूर्ण किया जाएगा। टू-लेन राज्यमार्ग का निर्माण होने से बाड़मेर-जालोर का यातायात काफी सुगम होगा।- सूराराम चौधरी, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी बाड़मेर