2 और गिरफ्तार, 2 अभी भी फरार
अंजड़. बड़दा गांव में शनिवार दोपहर में खदान धसने से मृत 5 मजदूरों वाली हृदय विदारक घटना में अंजड़ पुलिस ने 6 लोगों को आरोपी बनाया। इसमें से 2 आरोपितों को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। जबकि 2 अन्य विदेश कोली तथा अरविंद उर्फ आलूबड़ा को रविवार को गिरफ्तार किया गया। 2 आरोपी अभी भी फरार है। सहायक उपनिरीक्षक बलवंतसिंह बिसेन ने बताया कि शेष 2 आरोपितों की गिरफ्तारी भी शीघ्र ही होगी।
इसी बीच प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन रविवार की रात करीब 8 बजे बड़दा पहुंचे। जहां उन्होंने मृत मजदूरों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। ग्रामीणों द्वारा अवैध उत्खनन पर आक्रोश को देखते हुए आपने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की बात कहीं। गृहमंत्री ने पत्रिका को बताया कि घटना बहुत ही दुखद हैं। मुख्यमंत्री ने भी घटना पर शोक जताया है। उन्होंने बताया कि इसमें जो भी दोषी होगा, उन सबके खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए है। गरीब परिवार से जुड़े मजदूर अपने परिवार के पालनहार थे। असमय काल का ग्रास बन जाने से उनके परिवारों के समक्ष लालन-पालन की समस्या खड़ी हो गई। घटना में पुत्र, पिता एवं पति को खोने के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है।