script1.10 लाख किसानों का होना कर्ज माफ, 36 हजार का नाम ही आया | Jai Jawan Crop Loan Apology Scheme | Patrika News
बड़वानी

1.10 लाख किसानों का होना कर्ज माफ, 36 हजार का नाम ही आया

70 हजार किसान अब भी असमंजस में क्या होगा कर्ज माफी का, भारतीय किसान संघ ने लगाया आरोप, कर्ज माफी छलावा, मुख्यमंत्री द्वारा कल किसानों को ऋण माफी के बांटे जाएंगे प्रमाण पत्र

बड़वानीFeb 25, 2019 / 10:33 am

मनीष अरोड़ा

Jai Jawan Crop Loan Apology Scheme

Jai Jawan Crop Loan Apology Scheme

ऑनलाइन खबर : विशाल यादव
बड़वानी. कांग्रेस ने सरकार बनने से पहले अपने वचन पत्र में किसानों के दो लाख रुपए के कर्ज माफी का वचन दिया था। सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने किसानों का कर्जमाफ करना तो शुरू किया, लेकिन इसमें भी कई विसंगतिया नजर आ रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा नागलवाड़ी में होने वाले सम्मेलन में किसानों को कर्ज माफी के प्रमाण पत्र बांटे जाएंगे। जिसमें जिले में 1.10 लाख किसानों में से मात्र 36 हजार का ही कर्ज माफ हो रहा है। बाकी बचे किसान अब भी असमंजस में है कि उनका कर्ज माफ होगा या नहीं।
जय जवान फसल ऋण माफी योजना में जिले के 1.10 लाख किसानों का 1050 करोड़ रुपए का कर्ज माफ होना था। मंगलवार को होने वाले सम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। जिले में अब तक 50 हजार 65 किसानों की सूची सामने आ चुकी है, जिनका 207 करोड़ 31 लाख रुपए का कर्जमाफ होना है। इसमें से भी मंगलवार को होने वाले कार्यक्रम में 36274 किसानों का 129 करोड़ 12 लाख रुपए का कर्ज माफ किया जाएगा। कृषि कल्याण विभाग का कहना है कि जो सूची भोपाल से स्वीकृत होकर आई है, उनका ही फिलहाल कर्ज माफ किया जा रहा है।दूसरी सूची आने पर बाकी किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।
वादा दो लाख का, मिल रहे 41 हजार
भारतीय किसान संघ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की कर्ज माफी योजना किसानों के लिए एक छलावा है। किसानों को वचन पत्र में दो लाख रुपए का कर्ज माफ करने का वचन दिया गया था।भाकिसं जिलाध्यक्ष मंशाराम पंचोले ने बताया कि पहली सूची के अनुसार 50065 किसानों का 207.31 करोड़ का कर्ज माफ किया जा रहा है। इसका औसत निकाला जाए तो एक किसान के खाते में 41 हजार 408 रुपए ही आ रहे है। मंगलवार को होने वाले कर्ज माफी में तो 36274 किसानों का 129.12 करोड़ का कर्जमाफ किया जाएगा। इसका औसत निकाला जाए तो 35595 रुपए का ही किसानों का कर्जमाफ हो रहा है।
तहसील स्तर पर शुरू होंगे किसान सम्मेलन
जय किसान फसल ऋण माफी योजना में अब किसानों को तहसील स्तर पर किसान सम्मान पत्र और फसल ऋण माफी प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। कलेक्टर अमित तोमर ने योजना के क्रियांवयन के लिए जिले की सभी 9 तहसीलों में किसान सम्मेलन के कार्यक्रम के लिए संबंधित एसडीएम को अपने प्रभार के क्षेत्र की तहसीलो के लिए प्रभारी अधिकारी एवं उनके साथ एक अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
भोपाल से मिली स्वीकृति
किसान कर्जमाफी योजना में आ रहे सभी किसानों की सूची भोपाल भेजी गई थी। वहां से जो सूची आई हैं, उसके अनुसार 20469 किसान करंट एकाउंट के और 15805 किसान कालातीत खाते के शामिल है।जिनका 129.12 करोड़ का कर्ज माफ होना है।दूसरी सूची भोपाल से आना बाकी है।
बीएस जमरा, उपसंचालक कृषि
सभी किसानों का दो लाख का कर्ज माफ हो
कांग्रेस ने वचन दिया था कि सभी किसानों का दो लाख का कर्ज माफ होगा।अब नियमों के फेर में किसानों को फंसाया जा रहा है। भाकिसं की मांग है कि सभी कर्जदार किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ होना चाहिए। इस संबंध में हम मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी पेश करेंगे।
कर्ज माफी के लिए आई सूची में शामिल किसान
तहसील किसान ऋण माफी की राशि
अंजड़ 1771 8.96 करोड़ रुपए
ठीकरी 2795 14.46 करोड़ रुपए
निवाली 4598 16.81 करोड़ रुपए
पाटी 7546 27.44 करोड़ रुपए
पानसेमल 4905 20.48 करोड़ रुपए
बड़वानी 5970 32.90 करोड़ रुपए
राजपुर 7009 33.97 करोड़ रुपए
वरला 7223 22.86 करोड़ रुपए
सेंधवा 8248 29.73 करोड़ रुपए
कुल 50065 207.31 करोड़ रुपए

Home / Barwani / 1.10 लाख किसानों का होना कर्ज माफ, 36 हजार का नाम ही आया

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो