बड़वानी

इंसानी खून का प्यासा हुआ आदमखोर तेंदुआ, दो दिन में दूसरी बार इंसान पर हमला

पानसेमल क्षेत्र में घर के बाहर सो रहे युवक को जबड़े में दबोचा, आवाज सुनकर भागा, शनिवार को खेत से लौट रही मजदूर युवती पर हमला कर मार डाला था जान से

बड़वानीJul 29, 2019 / 11:29 am

मनीष अरोड़ा

Man-Eating Leopard

बड़वानी/खेतिया/पानसेमल.
खेतिया, पानसेमल के जंगलों में खेतों के आसपास घूम रहा खतरनाक तेंदुआ आदमखोर हो चुका है। खेतिया से लगे ग्राम भडग़ोन में शनिवार को एक युवती का शिकार करने वाले आदमखोर तेंदुए ने रविवार रात फिर एक युवक को अपना शिकार बनाया। पानसेमल क्षेत्र के ग्राम बिलंदा में रविवार रात 9.30 बजे खेत के पास घर के बाहर सो रहे शिवदास नामक युवक के सिर को जबड़े में जकड़कर ले जाने लगा। शिवदास की आवाज सुनकर लोग पहुंचे तो छोड़कर भाग निकला। इसके बाद तेंदुए ने एक बकरी को भी अपना शिकार बनाया। घायल युवक को रात 10.30 बजे पानसेमल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया।
आदमखोर तेंदुए का पकडऩे के लिए वन विभाग अमला हरकत में आ चुका है। रविवार को इंदौर रालामंडल की रेस्क्यू टीम चार पिंजरों और कैमरों के साथ खेतिया क्षेत्र पहुंची। रेस्क्यू टीम ने खेतिया और आसपास के जंगलों में तेंदुआ होने के संभावित स्थानों पर पिंजरे लगाए गए। वन विभाग का अमला खेतिया में पिंजरे लगा रहा था, इसी दौरान आदमखोर तेंदुए ने पानसेमल क्षेत्र में युवक को शिकार बना लिया। इसके पूर्व शनिवार को भडग़ोन में जंगल से लगे खेत में काम कर मजदूरों के साथ घर लौट रही संगीता पिता विजू को तेंदुए ने अपना शिकार बनाया था। तेंदुआ युवती की गर्दन जबड़े में दबोचकर गन्ने के खेत में ले गया था। साथ जा रहे मजदूरों की आवाज से वो युवती को छोड़कर भाग निकला था। इसके पूर्व भी पानसेमल के पास एक वृद्ध महिला पर तेंदुए ने हमला किया था।
बार-बार मानवों पर हमले की घटना से तेंदुए के आदमखोर होने की संभावना बढ़ गई है। जिसके बाद वन विभाग प्रशासन हरकत में आया। डिप्टी रेंजर प्रदीप पंवार ने बताया कि रविवार को इंदौर रालामंडल की रेस्क्यू टीम खेतिया पहुंची। रेस्क्यू टीम कई प्रकार के पिंजरे लेकर आई है और आदमखोर जानवर को पकडऩे के लिए उसके होने की संभावित जगहों पर रखे गए है। रालामंडल की रेस्क्यू टीम में वनपाल शेरसिंह कटारे, प्रकाश ओक, मुरारीलाल धाकड़, इंदरसिंह, भावसिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी है। खेतिया क्षेत्र में आदमखोर तेंदुआ होने से गांवों में दहशत का माहौल है। पूर्व में हुई जंगली जानवर के हमले की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है। वन विभाग की टीम ने लोगों को रात में अकेले घर बाहर निकलने से मना किया है।

Home / Barwani / इंसानी खून का प्यासा हुआ आदमखोर तेंदुआ, दो दिन में दूसरी बार इंसान पर हमला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.