scriptपारे ने लगाया गोता, तापमान पहुंचा 8 डिग्री पर | The temperature reached 8 degrees | Patrika News

पारे ने लगाया गोता, तापमान पहुंचा 8 डिग्री पर

locationबड़वानीPublished: Jan 30, 2019 10:27:36 am

ठंड से कंपकंपाया अंचल, जगह-जगह जल रहे अलाव, दिनभर शीत लहर का प्रकोप, सूरज की तपन भी नहीं दे रही राहत, ठंड के चलते अन्य जिलों में स्कूलों की छुट्टी, बड़वानी में लग रहे स्कूल

The temperature reached 8 degrees

The temperature reached 8 degrees

खबर लेखन : मनीष अरोरा
ऑनलाइन खबर : विशाल यादव
बड़वानी. उत्तरी भारत में हो रही बर्फबारी और बर्फिली हवाओं से निमाड़ अंचल भी कंपकंपा रहा है। पारे में लगातार गिरावट का दौर जारी है। मंगलवार को भी दिनभर शीतलहर के प्रकोप से अंचल कंपकंपता रहा। सूरज की तपन भी शीत लहर से राहत नहीं दे पा रही है। ठंड के चलते आसपास के जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की जा चुकी है।बड़वानी में अब तक प्रशासन ने ऐसी कोई पहल नहीं की है। सर्द सुबह में बच्चों को ठिठुरते हुए स्कूल जाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, तापमान की गिरावट से गेहूं और चने की फसल को लाभ हो रहा है। हालांकि तापमान और अधिक गिरने पर फसलों पर पाले का खतरा मंडरा सकता है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 8 डिर्गी सेल्सियस रहा। जबकि सापेक्षित आद्र्रता अधिकतम 77 प्रतिशत व न्यूनतम 46 प्रतिशत रही। उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह तक आसमान में बादलों की मौजूदगी के चलते दिन का तापमान कम होने व रात्रि का बढऩे लगा था। इससे मौसम में ठंडक कम हो गई थी। वहीं 2.3 दिन से फिर हवाओं में नमी बढऩे से मौसम में ठंडक घुलने लगी है। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े निकलने लगे हंै। वहीं सुबह व शाम के समय जगह-जगह अलाव जलने लगे हैं। उधर ठंडी हवाओं व तेज ठंड पडऩे से किसान खेतों में सक्रिय हो गए है। ठंड के बावजूद सुबह कोहरा नजर नहीं आ रहा, फिर भी फसलों पर ओस की बूंदे जमने लगी है। किसानों के अनुसार मौसम रबी फसलों के लिए अनुकूल बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. डीके तिवारी के अनुसार अभी पाले जैसी स्थिति नहीं बनी है। पारा 5 डिग्री से नीचे आने पर पाले की स्थिति बन सकती है।
निजी स्कूलों को दिए निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार निहाले ने बताया कि कलेक्टर अमित तोमर के द्वारा निजी स्कूलों के लिए पूर्व में जारी आदेश के अनुसार ही शाला का संचालन किया जाए। इसमें स्कूलों का समय सुबह साढ़े आठ बजे करने के निर्देश दिए थे। ताकि छोटे बच्चों को परेशानी न हो।
आज खरगोन जिले में अवकाश
खरगोन कलेक्टर गोपालचंद्र डाड ने वर्तमान में शीतऋतु के चलते तापमान में आई गिरावट और शीतलहर के कारण जिले की सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा नर्सरी से 12वीं के सभी विद्यार्थियों का बुधवार को अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही स्कूल संचालन का समय भी बढ़ाया है, लेकिन बड़वानी जिले में अभी भी बच्चों को कंपकंपाती ठंड में स्कूल जाना पड़ रहा है।
सप्ताहभर में ऐसा रहा तापमान
दिनांक-अधिकतम-न्यूनतम
25 जनवरी -27- 11.3
26 जनवरी. -29- 9
27 जनवरी. -30.2- 8
28 जनवरी. -29.5- 8.3
29 जनवरी. -29- 8
(आंकड़े डिग्री सेल्सियस में)

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो