scriptआमजन में दिखा देश भक्ति का जुनून, शहीद के सम्मान में निकाली तिरंगा रैली | Martyr Rajiv's statue unveiled | Patrika News
बस्सी

आमजन में दिखा देश भक्ति का जुनून, शहीद के सम्मान में निकाली तिरंगा रैली

शहीद राजीव की मूर्ति का अनावरण, उमड़ा जन सैलाब

बस्सीFeb 08, 2021 / 09:47 pm

Satya

आमजन में दिखा देश भक्ति का जुनून, शहीद के सम्मान में निकाली तिरंगा रैली

आमजन में दिखा देश भक्ति का जुनून, शहीद के सम्मान में निकाली तिरंगा रैली


-लुहाकना खुर्द गांव के वीर सपूत को दी सलामी, श्रद्धा सुमन अर्पित किए
आंतेला/शाहपुरा। जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जबाव देते हुए 8 फरवरी 2020 को शहीद हुए लुहाकना खुर्द गांव के वीर सपूत नायक राजीव सिंह शेखावत की शहादत की पहली बरसी पर सोमवार को परिवहन एवं सैनिक कल्याण बोर्ड मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास के मुख्य आतिथ्य में शहीद राजीव सिंह की मूर्ति का अनावरण हुआ। इस मौके पर परिवहन मंत्री खाचरियावास ने कहा कि देश के हर नौजवान में यह जज्बा होता है कि मैं रहूं या ना रहूं मेरा हिन्दूस्तान जिन्दा रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारी सेना, हमारा सविधान, हमें तिरंगा की आन, बान और शान को समझाता है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण लुहाकना के वीर सपूत राजीव सिंह की देश के लिए प्राणों की कुर्बानी है। हमें शहीदों को आस्था से जोडऩा होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को गांव के पूर्व सैनिकों से देश सेवा में आगे बढने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने जल्द विद्यालय का नामकरण शहीद के नाम करने, और परिजनों को हर संभव सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने पूर्व सैनिकों को युवा पीढी के लिए सैनिक प्रशिक्षण चालू करने का आह्वान किया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह ने कहा कि राजस्थान वीरों की भूमि है। कारगिल से लेकर अब तक अनेक वीरांगनाओं ने अपनों को खोया है। उन्होंने कहा कि लुहाकना के शहीद राजीव सिंह शेखावत का बलिदान राष्ट्र के नायक से रूप में नवाजा जाएगा। उन्होंने शहीद राजीव की शहादत पर उन्हें नमन किया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि विराटनगर विधायक इन्द्राज गुर्जर ने कहा कि शहीद राजीव के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि इन शहीदों और देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों की बदौलत हम सुरक्षित है। उन्होंने परिवहन मंत्री से क्षेत्र के पांच रूटों पर ग्रामीण बस सेवा शुरू करने की मांग की। जिस पर मंत्री ने जन्द ग्रामीण बस सेवा चालू कराने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर पूर्व विधायक डां.फू लचंद भिण्डा, करणी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल मकराना, जिला सैनिक अधिकारी रघुराज सिंह ने भी विचार वक्त किए। इससे पहले अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शहीद की मूर्ति का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हे नमन किया। समारोह में मंच संचालन ममता शेखावत ने किया।

जवानों ने दी सलामी
शहीद की पहली बरसी पर सुबेदार यशपाल सिंह के नेतृत्व में २८ राजपूत बटालियन के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। इस दौरान 5 राजपूत बटालियन के नायब सुबेदार फतेसिंह, हवलदार विक्रम सिंह, गुमान सिंह सहित कई जवान शाामिल थे।
परिजनों ने अर्पित किए पुष्प, फफक पड़ी वीरांगना
इस दौरान शहीद की वीरांगना उषा कंवर ने व मां पुष्पा कंवर, पिता शंकर सिंह तथा बेटे अधिराज ने शहीद की मूर्ति पर माल्यार्पण व श्रद्धा सुमन अर्पित किए। परिजनों को नायक राजीव की शहादत पर गर्व तो था, लेकिन अपने लाल की याद में आंखों से आंसूू छलक रहे थे। वहीं विरांगना उषा कंवर शहीद को माल्यार्पण के दौरान मूर्ति के लिपटकर फफक पड़ी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उन्हें सांत्वना दी।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में विराटनगर एसडीएम राजवीरसिंह यादव, थाना प्रभारी रामावतार, एएसआई जगदीश प्रसाद, प्रदेश भाजपा मंत्री देवायुष सिंह, ब्रिग्रेडियर जयपान सिंह, सरपंच धर्मेन्द्र कुमार मीणा, पूर्व जिला पार्षद रोहिताश सिन्धू, पूर्व तहसीलदार शिम्भूसिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष घीसासिंह शेखावत, रामदयाल योगी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य बिहारीलाल शर्मा, उपसरंपच जितेन्द्र सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता केदार सिंह, पूर्व सरंपंच भवानी सिंह, भगवत सिंह, भाजपा युवा नेता सत्येन्द्र सिंह, दौलत सिंह, स्काडट अधिकारी अभय सिंह शेखावत, नाथूराम यादव, रामकुवार, सिद्धार्थ जैन, चंदन शर्मा, राव देवदत्त सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
आमजन में दिखा देश भक्ति का जुनून, तिरंगा रैली निकाली
जम्मू कश्मीर के पूंछ में पाकिस्तानी सेना के सीजफायर का उल्लंघन कर गोलाबारी में शहीद हुए लुहाकना खुर्द निवासी जांबाज वीर सपूत के सम्मान में क्षेत्र के युवाओं ने जोशीले नारों के साथ तिरंगा वाहन रैली निकाली और शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया। इस दौरान तिरंगा रैली में जन सैलाब उमड़ पड़ा। तिरंगा यात्रा ग्राम भाबरू से रवाना होकर सीतापुर होते हुए करीब 5 किलोमीटर की दूरी पार लुहाकना खुर्द स्थित शहीद स्मारक स्थल पहुंची। तिरंगा लहराते हुए बाइक सवार युवाओं ने भारत माता के जयकारे, शहीद राजीव अमर रहे आदि नारे लगाते चल रहे थे। इस बीच तिरंगा रैली का जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
सरहद पर गोलाबारी में शहीद हुए राजीव
लुहाकना खुर्द निवासी नायक राजीव सिंह भारतीय सेना के ५ राजपूत बटालियन में जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में सरहद पर तैनात थे। 8 फरवरी 2020 को पाकिस्तानी सेना की ओर से नियंत्रण रेखा पर सघंर्ष विराम का उल्लंघन कर गोलाबारी में दुश्मन की सेना को मुंहतोड़ जबाव देते हुए नायक राजीव सिंह वीरगति को प्राप्त हो गया तथा साथी तीन सैनिक भी घायल हो गए थे।
परिवार का सहारा था राजीव
शहीद राजीव का जन्म 18 फरवरी 1984 को जम्मू कश्मीर के आर्मी अस्पताल में हुआ था। परिवार में एकलौता पुत्र था राजीव सिंह। इसके अलावा बड़ी बहन सीमा कंवर है। पिता शंकर सिंह आर्मी में सुबेदार पद से रिटायर्ड है। माता ग्रहणी है। वीरांगना उषा कंवर भी ग्रहणी है। राजीव के 10 वर्षीय बेटा अधिराज सिंह है। शहीद राजीव वर्ष2002 में 5 राजपूत राइफल बटालियन में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। पूरे परिवार के पालन पोषण का जिम्मा राजीव पर था, लेकिन राजीव की शहादत के बाद पूरे परिवार का जिम्मा वीरांगना पर आ गया है।

Home / Bassi / आमजन में दिखा देश भक्ति का जुनून, शहीद के सम्मान में निकाली तिरंगा रैली

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो