मिली जानकारी के मुताबिक बस्ती के नगर थानाक्षेत्र के बेलाड़ी गांव निवासी विकास सिंह का अपने पड़ोसी की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके बारे में लड़की के घरवालों को पता चला तो वो आग बबूला हो गए। लड़की के घरवालों ने विकास को कई बार समझाया भी। पर वह नहीं माना। शुक्रवार की बीती रात विकास लड़की के घर के पास संभवत: किसी संदिग्ध हालत में देख लिया गया, जिसके बाद आरोप है कि लड़की के घरवालों ने उसे लाठी-डंडों से जमकर पीटा, जिसके चलते उसकी मौत हो गयी। विकास की मौत के बाद उसकी पिटायी करने वाले आरोपी वहां से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विकास के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया। पुलिस ने गांव के लोगों से भी गहन पूछताछ की। बताया जा रहा है कि विकास के प्रेम प्रसंग से गांव के लोग भी अवगत थे। उधर विकास के पिता की तहरीर पर पुलिस ने लड़की के घरवालों में से चार के खिलाफ मुमदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरा परिवार फरार है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में छानबीन कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
By Satish Srivastava