scriptजमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत, दर्जन भर घायल | One Killed in Violence between Two Groups For Land Dispute | Patrika News
बस्ती

जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत, दर्जन भर घायल

बस्ती के कलवारी थानाक्षेत्र की घटना, खेत की जमीन को लेकर चला आ रहा था दो पक्षों में विवाद। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ दर्ज किया है मुकदमा।

बस्तीAug 09, 2020 / 09:45 pm

रफतउद्दीन फरीद

Murder

हत्या

बस्ती. लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र स्थित सरयू नदी पर बने पुल के पास भूमि विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मरने वाले कृषक राजेश यादव (45 वर्ष) धोबहट गांव के निवासी थे। एसपी हेमराज मीणा ने बताया है कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

धोबहट गांव निवासी राजेश यादव और जगदीश यादव के बीच खेत की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष अपनी-अपनी दावेदारी करते चले आ रहे थे। चार दिन पहले एक पक्ष ने खेत में बोई गई चरी काट लिया, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद तनाव और बढ़ गया। रविवार को राजेश अपने भाई उमेश के साथ टांडा पुल के पास सरयू नदी में नहाने गए थे।

 

लौटते समय पुल के नजदीक जगदीश के साथ चार-पांच लोग मिल गए। दोनों पक्षों में फिर कहासुनी शुरू हुई, जो बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गई। इस मारपीट की घटना में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। शोरगुल होने पर राजेश के बेटे अम्बिका, भाई दिनेश व योगेन्द्र भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में आधा दर्जन के घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ राजेश को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायलों में उमेश, अम्बिका, दिनेश, योगेन्द्र, जगदीश व चन्द्रहास शामिल हैं।

 

मृतक राजेश यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। छोटे भाई दिनेश व उमेश के साथ खेती-बारी कर परिवार का जिम्मा संभालते थे। राजेश की छह संतानें हैं। चार बेटे बजरंग प्रसाद (22वर्ष), अम्बिका (20 वर्ष), अरविन्द (14 वर्ष), विकास (11वर्ष) व बेटी कविता (19 वर्ष) और दिव्या (17 वर्ष) हैं। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

By Satish Srivastava

Home / Basti / जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत, दर्जन भर घायल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो