राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को कंबल मुहैया कराने की व्यवस्था है। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से खरीदे गए कंबल व भामाशाहों की ओर से भी पर्याप्त मात्रा में कंबल मुहैया कराए गए है। इसके बावजूद सभी मरीजों को कंबल देने में स्टाफ परहेज करता है।
एेसी ही बानगी मदर चाइल्ड विंग के गायनिक वार्ड में मंगलवार रात को देखने को मिली। यहां भर्ती मरीजों के अधिकांश के पास सरकारी कंबल नहीं था। कुछ के पास देखा गया तो उन्होंने बताया कि स्टाफ से मांग कर लाए थे। जिन्होंने नहीं मांगा तो उनको कंबल नहीं दिया गया। अधिकांश मरीज खुद के घर से या बाहर किराए से कंबल लाकर सर्दी से बचाव करने को मजबूर है। इस सम्बन्ध में जब यहां मौजूद कार्मिक से बात की तो उनका कहना रहा कि मांगने पर कंबल दे देते है। पहले से अगर बेड पर रख देते है तो कंबल चोरी हो जाते हैं इसलिए कंबल मांगने पर ही देते है।
मसूदा निवासी संजू और धोलादांता निवासी रूखसाना ने बताया कि उनको कंबल यहां से मिलने की जानकारी ही नहीं है, इसलिए घर या बाहर किराए से लेकर आए। वहीं जवाजा निवासी राजेन्द्र ने बताया कि यह कंबल इस सर्दी के लिए पर्याप्त नहीं हैं और एेसे में बाहर से तीस रुपए रात में रजाई लेकर आना मजबूरी है।