scriptपढ़े, छह हजार क्विंटल अनाज की नहीं हो सकी नीलामी | Read, six thousand quintals of grain could not be auctioned | Patrika News
बेतुल

पढ़े, छह हजार क्विंटल अनाज की नहीं हो सकी नीलामी

मौसम में परिवर्तन के बाद मंगलवार दोपहर में लगभग डेढ़ बारिश हुई। बारिश और शीत लहर की वजह से हाड़ कपा देने वाली ठंड पड़ रही है। हालत यह है कि दिन के समय में अलाव जलाने पड़ रहे हैं। मौसम की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका को देखते हुए ४ जनवरी तक नर्सरी से कक्षा बारहवी तक अवकाश घोषित किया गया है।

बेतुलDec 31, 2019 / 08:59 pm

Devendra Karande

अनाज भीगने से नीलामी नहीं हो सकी

Auction could not be held due to wet grain in the market

बैतूल। मौसम में परिवर्तन के बाद मंगलवार दोपहर में लगभग डेढ़ बारिश हुई। बारिश और शीत लहर की वजह से हाड़ कपा देने वाली ठंड पड़ रही है। हालत यह है कि दिन के समय में अलाव जलाने पड़ रहे हैं। मौसम की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका को देखते हुए ४ जनवरी तक नर्सरी से कक्षा बारहवी तक अवकाश घोषित किया गया है। इधर बारिश की वजह से ही मंडी में सैकड़ों बोरे अनाज भीग गया। जिसकी वजह से व्यापारियों ने लगभग छह हजार क्विंटल अनाज की नीलामी नहीं की है। जिसकी वजह से किसानों को कड़ाके की ठंड में मंडी में ही रात बिताना पड़ेगा। इधर ठंड से बचाने मंडी प्रशासन ने कलेक्टर के निर्देश के बाद भी पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं।
अनाज भीगा तो नहीं हो सकी नीलामी
मंडी में इस समय लगभग १४ हजार क्विंटल के आसपास अनाज की आवक हो रही है। मक्के की आवक भी ८ हजार क्विंटल के आसपास है। मंगलवार को भी मंडी में लगभग इतनी ही आवक रही। दोपहर बाद अचानक बारिश होने की वजह से किसानों का खुले में पड़ा सैकड़ों क्विंटल अनाज भीग गया जिसमें मक्का के ढेरों की संख्या अधिक है। हालांकि किसानों ने अनाज को बचाने का प्रयास किया। मक्के पर पन्नी ढक दी थी। इसके बाद ढेरों में अनाज भीगने की वजह से व्यापारियों ने मक्के की नीलामी नहीं की। लगभग छह हजार क्विंटल मक्के की नीलामी नहीं हो सकी। जिससे किसानों ने बोरी में भरकर इसे शेड में ही रखवा दिया है। वहीं कुछ किसानों ने मक्के के ढेर को पन्नी ढककर रख दिया है। अगले दिन बुधवार इसे नीलाम किया जाएगा। मक्का अनाज बेचने आए ग्राम घुटीगढ़ के किसान नामदेव सालामे ने बताया कि अनाज भीगने की वजह से व्यापारियों ने नीलामी नहीं की है। जिन बोरियों में अनाज भरकर लाया था वह भी वापस भिजवा दी। अब इसे भरकर भी नहीं रख सकते हैं। मंडी में ही रात बिताना पड़ेगा। मंडी के शेडों में व्यापारियों का अनाज होने से किसानों को शेड के बाहर ही अनाज डालना पड़ता है। बारिश होने पर किसान इसी तरह परेशान होते हैं।
अलाव नहीं जले,भवन में भी व्यवस्था नहीं
कृषि मंडी बडोरा में किसानों के लिए अलाव भी नहीं जलाए गए हैं। हालांकि कलेक्टर ने कुछ दिन पहले ही अलाव जलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी मंडी की व्यवस्थाओं मेंं कोई सुधार नहीं है। मंडी सचिव से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि अलाव जलाए हंै। पांच क्विंटल लकड़ी लाकर रखी है। कृषक भवन में भी व्यवस्थाएं की जा रही है। केंटिन में किसानों के भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
सर्द हवाओं ने ठिठुराया,दिन में जले अलाव
मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में एक बजे के लगभग बारिश शुरू हो गई थी। दोपहर में ढाई बजे तक बारिश होते रही। शाम को भी आसमान में बादल छाए रहे। बारिश होने की संभावना जताई जा रही थी। बारिश की वजह से दिन में ही कड़ाके की ठंड पड़ी। लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान ८ डिग्री और अधिकतम तापमान २१.५ डिग्री दर्ज किया गया। बारिश को फसलों के हिसाब से फायदेमंद बताया जा रहा हैं।
स्कूलों में ४ जनवरी तक बढ़ा अवकाश
मौसम में बदलाव और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिले में सभी विद्यालयों मेंं अवकाश घोषित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी एलएल सुनारिया ने बताया कि शीत लहर के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। जिससे शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, राज्य स्तर से मान्यता प्राप्त विद्यालयों की नर्सरी से कक्षा बारहवी तक १ जनवरी २०२० से ४ जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। अवकाश अवधि में सभी शिक्षक तय समय पर स्कूल में उपस्थित होकर मेपिंग, प्रोफाइल, अपडेशन, परीक्षा परिणाम की प्रविष्ठि, शैक्षणिक स्टॉफ की जानकारी विमर्श पोर्टल पर अद्यतन एवं लंबित कार्य संपादित करेंगे।
मंडी से किसान का ७० कट्टी मक्का चोरी
कृषि मंडी में सुरक्षा पर लाखों रुपए हर माह खर्च करने के बाद भी चोरी की घटनाएं हो रही है। टिकारी निवासी किसान विनोद राठौर ने बताया कि मंडी में रखा ७० कट्टी अनाज चोरी हो गया है। अनाज की कीमत लगभग ८० हजार रुपए हैं। मंडी सचिव से शिकायत की है। पुलिस थाने में भी शिकायत की जा रही है। शिकायत के बाद मंडी प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

Home / Betul / पढ़े, छह हजार क्विंटल अनाज की नहीं हो सकी नीलामी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो