scriptभाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा के इस बड़े नेता को बताया उल्टी खोपड़ी का आदमी… | BJP UP President said Azam Khan is vomit skull man | Patrika News
भदोही

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा के इस बड़े नेता को बताया उल्टी खोपड़ी का आदमी…

आजम खान के साथ ही शिवपाल यादव पर भी जमकर बरसे महेन्द्र नाथ पाण्डेय

भदोहीNov 21, 2017 / 09:08 pm

वाराणसी उत्तर प्रदेश

chunawi jansabha

chunawi jansabha

भदोही. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने मंगलवार को नगर निकाय चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। भाजपा अध्यक्ष समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान एवं शिवपाल यादव पर जमकर बरसे। पाण्डेय ने आजम को उल्टी खोपड़ी का आदमी कहा, तो वहीं शिवपाल पर कमीशनखोरी का आरोप लगाया। बिना नाम लिये आजम पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुलायम सिंह यादव एवं अखिलेश यादव की सरकारों में नगरों का विकास पूरी तरह सिर्फ इसलिए बाधित रहा क्योंकि उनकी सरकार में एक उल्टी खोपड़ी का व्यक्ति नगर विकास मंत्री के पद पर कब्जा जमाये रहा।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण मंत्री रहे शिवपाल यादव की कमीशनखोरी के कारण भी विकास बाधित हुआ। शिवपाल कमीशन के लिये नगरों के विकास को केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया धन अपने विभाग में डायवर्ट करा लेते थे। पाण्डेय ने कहा कि पूर्व की सरकार में कमीशनखोरी के कारण नगरों की उपेक्षा हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भदोही व गोपीगंज नगर पालिका क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया और मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी ऐसे भ्रष्ट प्रत्याशी को चेयरमैन मत बनाइए जिसका पूरा कार्यकाल जांच में ही बीत जाय। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में कई ऐसे भ्रष्ट व्यक्ति हैं, जो चेयरमैन पद के लिये चुनाव लड़ रहे हैं। जनसभा से इतर पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कई निर्दलीय चुनाव जीत कर भाजपा में शामिल होने की जुगत में हैं, क्या होगा यह तो भविष्य के गर्भ में है। भाजपा सभी निकायों में मजबूती से चुनाव लड़ रही है। विपक्षी दलों द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के चुनाव प्रचार करने पर उठाये जा रहे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि इस चुनाव में प्रदेश के चार करोड़ से अधिक मतदाता भाग लेंगे जो कई देशों की जनसंख्या के बराबर है और हमारी पार्टी मतदाताओं के प्रति पूरी श्रद्धा रखती है। मुख्यमंत्री, प्रदेश एवं केंद्र सरकार के कई मंत्रियों और सांसदों विधायकों का चुनाव प्रचार के लिये जनता के बीच जाना इस श्रद्धा को दर्शाता है। विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए पाण्डेय ने कहा कि जनतंत्र में भी शाही ठाठ से राज करते आये लोग हमारे प्रचार से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारें नगरों के विकास के प्रति गंभीर नहीं रहीं, जिसके परिणामस्वरूप जनता आज बदहाली के शिकार नगरों में जीवनयापन करने को मजबूर है। नगरों में भाजपा की सरकार बनने पर केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से लागू कराया जाएगा।

Home / Bhadohi / भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा के इस बड़े नेता को बताया उल्टी खोपड़ी का आदमी…

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो