भरतपुर

शादी समारोह के पाण्डाल में घुसी ट्रैक्टर ट्रॉली, एक बाराती की मौत, गमगीन माहौल में हुई शादी

कस्बे में चील महलों के नीचे गाडिय़ा लोहार बस्ती में रविवार रात करीब बारह बजे शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई, जब एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली पाण्डाल में घुस गई और वहां खड़े बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया।

भरतपुरSep 23, 2019 / 09:19 pm

Kamlesh Sharma

कामां (भरतपुर)। कस्बे में चील महलों के नीचे गाडिय़ा लोहार बस्ती में रविवार रात करीब बारह बजे शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई, जब एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली पाण्डाल में घुस गई और वहां खड़े बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया। हादसे मेें अलवर निवासी तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
इन्हें स्थानीय अस्पताल भिजवाया, हालत गंभीर होने पर इन्हें रैफर कर दिया। अलवर ले जाते समय एक घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य का उपचार चल रहा है। इनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इसमें एक जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, सोमवार शाम पोस्टमार्टम कराकर युवक का शव परिजनों को सौंप दिया।
कस्बे में रात में चील महलों के नीचे गाडिय़ा लोहार बस्ती में बहादुर की पुत्री सीमा की शादी का कार्यक्रम था। बारात अलवर के गोविंदगढ़ से आनी थी। परिजन बारात का इतंजार कर रहे थे। बारात में शामिल होने अलवर जिले के रामगढ़ निवासी रन्नो, लक्ष्मणगढ़ निवासी विनोद एवं सौदागर बाइक से पहले आ गए थे।
वह सड़क किनारे लगे पाण्डाल के पास खड़े थे। इस बीच ढलान से नीचे उतरते समय खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली पाण्डाल में जा घुसी। चपेट में आने से रन्नो, विनोद व सौदागर गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। अलवर ले जाते समय रास्ते में रन्नो (24) ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गमगीन माहौल में हुई शादी
हादसे के बाद देर रात करीब 3 बजे बारात कामां पहुंची, घटना के जानकारी होने पर शोक छा गया। गमगीन माहौल में वधु की विदाई हुई।

Home / Bharatpur / शादी समारोह के पाण्डाल में घुसी ट्रैक्टर ट्रॉली, एक बाराती की मौत, गमगीन माहौल में हुई शादी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.