scriptजलभराव समस्या: पहुंचे थे कलक्टर के पास मदद के लिए, पता चला प्रशासन तोड़ सकता है मकान | Water logging People bothered | Patrika News
भरतपुर

जलभराव समस्या: पहुंचे थे कलक्टर के पास मदद के लिए, पता चला प्रशासन तोड़ सकता है मकान

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

भरतपुरSep 09, 2018 / 04:29 am

rohit sharma

mahilao ka virodh

जलभराव समस्या: पहुंचे थे कलक्टर के पास मदद ​के लिए, पता चला प्रशासन तोड़ सकता है मकान

भरतपुर.

शहर की दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों में बीते डेढ़ माह से जलभराव की समस्या बनी हुई है। जलभराव की समस्या समाधान के लिए शनिवार को गिरीश विहार कॉलोनी के लोग जिला कलक्टर से मिलने पहुंचे, लेकिन इन लोगों को उस समय झटका लगा जब उन्हें पता चला कि प्रशासन उनके घर तोड़ सकता है। अपनी समस्याओं से अवगत कराने और समस्या समाधान के लिए ज्ञापन देने जिला कलक्टर संदेश नायक के पास पहुंचे इन लोगों ने कलक्टर को अपना दर्द सुनाया। इसके बाद इस मामले पर यूआईटी सचिव बालोत ने कहा कि कॉलोनी जलभराव क्षेत्र में है इसलिए यहां बने हुए मकानों को तोडऩे की कार्रवाई भी की जा सकती है। इस पर लोगों ने कहा कि इस में लोगों का क्या दोष और यहां करीब 125 मकान हैं। इस पर जिला कलक्टर नायक ने कहा कि जलभराव क्षेत्र में सीएफसीडी में 379 मकानों को तोडऩे की कार्रवाई की गई थी।
कॉलोनी से ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर निकलते हैं लोग

पार्षद संजय शुक्ला ने बताया कि कॉलोनी में करीब 125 मकान हैं। कॉलोनी में जलभराव की समस्या इतनी विकट बनी हुई है कि लोगों को कॉलोनी से बाहर निकलने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगाने पड़ते हैं। साथ ही बताया कि जलभराव की समस्या व घरों में सांप, बिच्छू आने की वजह से ही कॉलोनी के करीब आधे रहवासी पलायन कर अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं। समस्या का समाधान न होने के कारण महिलाओं ने प्रशासन को चूड़ियां भी दिखाईं।
दो दर्जन कॉलोनियों से 30 पम्पसैट से निकाल रहे पानी

शहर में तीन दर्जन से अधिक कॉलोनियों के लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। इनमें नगर निगम की ओर से करीब 30 पम्पसैट लगाकर पानी निकासी का कार्य किया जा रहा है। इन कॉलोनियों में गिरीश विहार कॉलोनी, खादी कॉलोनी, तिलक नगर, पैराडाइज कॉलोनी, विजय नगर, हीरादास का नगला, जसवंत नगर, गांधी नगर, गणेश नगर, स्टेडियम नगर समेत करीब दो दर्जन कॉलोनी शामिल हैं। इनमें पानी निकासी के लिए नाली निर्माण व उचित व्यवस्था नहीं होने की वजह से जलभराव की समस्या पैदा हो गई है।
गिरीश कॉलोनी में लगाएंगे एक और पम्पसैट

गिरीश विहार कॉलोनी में पहले से ही लगातार एक पम्पसैट से पानी निकासी की जा रही है। अब एक और पम्पसैट लगा देंगे। यह कॉलोनी काफी नीचाई में बसी है इसलिए जलभराव की अधिक समस्या है।
– राजेश गोयल, आयुक्त, नगर निगम, भरतपुर

Home / Bharatpur / जलभराव समस्या: पहुंचे थे कलक्टर के पास मदद के लिए, पता चला प्रशासन तोड़ सकता है मकान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो