scriptभिलाई व्यंकटेश्वर टॉकीज संचालक का परिवार दुर्घटनाग्रस्त, आंध्रप्रदेश से छुट्टी पर आए और बस्तर दशहरा देखने निकले थे, दो की मौत | 4 friends went to visit Dusshera in Bhilai during the leave from AP | Patrika News
भिलाई

भिलाई व्यंकटेश्वर टॉकीज संचालक का परिवार दुर्घटनाग्रस्त, आंध्रप्रदेश से छुट्टी पर आए और बस्तर दशहरा देखने निकले थे, दो की मौत

भिलाई से चित्रकोट होते हुए बस्तर का दशहरा देखने निकला परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। सड़क पर एक बाइक को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई। चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रियंका (20) की मौत हो गई।

भिलाईOct 18, 2018 / 11:42 pm

Satya Narayan Shukla

Road accident

आंध्रप्रदेश से छुट्टी में भिलाई आए 4 दोस्त बस्तर दशहरा देखने निकले थे, रास्ते में हो गई मौत से सामना

भिलाई/बालोद. भिलाई से चित्रकोट होते हुए बस्तर का दशहरा देखने निकला परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। सड़क पर एक बाइक को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार में वह पेड़ से टकराई, फिर पलटी खा गई। इस भीषण हादसे में कार चालक मोहम्मद शेख रमजान (50) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सात लोग घायल हो गए जिनमें से तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल लाया गया। इस दौरान प्रियंका (20) की मौत हो गई। संजना पिता तामेश्वर (१५) और साई वरूण पिता किशोर कुमार को रायपुर रेफर किया गया है।
हादसा बालोद के ग्राम देवारभाट के पास धमतरी रोड पर

यह सड़क हादसा बालोद के ग्राम देवारभाट के पास धमतरी रोड पर गुरुवार सुबह छह बजे हुआ। कार में भिलाई के सुपेला स्थित व्यंकटेश्वर टॉकीज संचालक का परिवार घूमने के लिए चित्रकोट जा रहा था। इनमें से कुछ आंध्रप्रदेश से आए थे। दो कार में सवार होकर यह लोग गुरुवार सुबह 4 बजे निकले थे। गंगा मैया के दर्शन के बाद वे झलमला से आगे निकले थे कि ग्राम देवारभाट के पास हादसा हो गया। आगे चल रही कार क्रमांक सीजी 07 एजेड, 3431 दुर्घटना ग्रस्त हुई।
गुंटूर से आई बेटी और उसकी सहेली आगे वाली कार में थे, वह पलट गई
व्यंकटेश्वर टॉकीज के मालिक पी राजेश्वर राव उर्फ राजा बाबू की पत्नी पीवी मौली को इस हादसे ने विचलित कर दिया है। उसकी आंखों से आंसू नहीं थम रहे हैं। मौली ने रोते हुए बताया कि बेटी हिमजा के साथ इंजीनियरिंग करने वाले चार दोस्त छुट्टियां मनाने आंध्रप्रदेश के गुंटूर से आए थे। सभी ने विजय दशमी और चित्रकोट घूमने की प्लानिंग की थी। मैं खुद अपनी कार से उनके साथ गई थी। हमारे मैनेजर के दोस्त की कार थी। उसी में बच्चे बैठे थे। कार आगे जा रही थी। समझ नहीं आया कि कार अचानक दो बार पलटी खाई और पेड़ से जाकर टकरा गई। आंध्रा से आई बेटी की सहेली प्रियंका की उस हादसे में जान चली गई। चालक कार में ही फंस गया था। इसके आगे मुझे नहीं मालूम कह कर फफक पड़ी।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, घायलों को एक घंटे में जैक लगाकर निकला
आगे वाली कार को पलटी खाकर दुर्घटनाग्रस्त होता देख, पीछे वाली कार में सवार लोग उतरे। फौरन कार में फंसे घायलों को निकालने की कोशिश की, लेकिन कार इस कदर क्षतिग्रस्त हो गई थी कि उसमें से किसी को भी निकालना आसान नहीं था। ग्र्रामीणों की मदद ली, जैक लगाकर कार से घायलों को निकाला। ड्राइवर की मौत हो चुकी थी। घायलों को संजीवनी एंबुलेंस से बालोद जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उनको भिलाई भेज दिया गया। इस बीच प्रियंका ने दम तोड़ दिया।
कार चालक के बुजुर्ग पिता सदमे में, थम नहीं रहे आंसू
कार चालक शेख रमजान अमहमद के पिता रसूल अहमद सदमे में हैं। एचएससीएल से सेवानिवृत्त रसूल अहमद ने बताया कि पापा चित्रकोट जा रहा हूं। इसके पहले वह दोस्तों के साथ जाता था, लेकिन कभी बताता नहीं था। इतना बताने के बाद वे फफक पड़े। आगे उनके बोल नहीं फूटे। रमजान कीतीन बेटियां हैं। तीनों पढ़ रही हैं। रमजान ही घर का सहारा था। अब बहू और तीनों बच्चों की जिम्मेदारी उनके बूढ़े कंधों पर आ गई है।
तीन को गंभीर चोट, 3 को किया डिस्चार्ज
व्यंकटेश्वर टॉकीज के मैनेजर तामेश्वर ने बताया कि मेरे दोनों बच्चे साथ में गए थे। चैतन्य (१४) का पैर टूट गया है। बेटी संजना (१५) के ब्रेन में चोट है। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आंध्रा से आए राजा शेखर रेड्डी को गंभीर चोट आई है उसे रायपुर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। साई वरूण पिता किशोर कुमार और विजय (२२) के अलावा टॉकीज संचालक का बेटी हिमजा पिता पी राजेश्वर राव की प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
दुर्घटना में इनकी जान चली गई
इंजीनियर प्रियंका गुटूंर आंध्रप्रदेश, चालक शेख रमजान अमहमद भिलाई।
ये हुए घायल
हिमजा, चैतन्य (१४) संजना (१५) भिलाई।

Home / Bhilai / भिलाई व्यंकटेश्वर टॉकीज संचालक का परिवार दुर्घटनाग्रस्त, आंध्रप्रदेश से छुट्टी पर आए और बस्तर दशहरा देखने निकले थे, दो की मौत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो