scriptभिलाई निगम के वार्डों का फिर से होगा परिसीमन, टाउनशिप के 23 वार्ड हो जाएंगे 13, पढि़ए पूरी खबर | Bhilai corporation wards will again be delimited | Patrika News
भिलाई

भिलाई निगम के वार्डों का फिर से होगा परिसीमन, टाउनशिप के 23 वार्ड हो जाएंगे 13, पढि़ए पूरी खबर

नगर निगम प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर 2011 की जनगणना के अनुसार 70 वार्डो का नए सिरे से परिसीमन शुरू कर दिया है।

भिलाईApr 15, 2018 / 12:48 am

Naresh Verma

Bhilai Municipal Corporation
भिलाई. नगर पालिक निगम प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर २०११ की जनगणना के अनुसार नगर निगम के ७० वार्डो का नए सिरे से परिसीमन शुरू कर दिया है। इसका सबसे ज्यादा असर भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्डों पर पड़ेगा। परिसीमन से बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र के १० वार्ड विलोपित हो सकते हैं। वर्तमान में टाउनशिप क्षेत्र में कुल २३ वार्ड हैं। परिसीमन के बाद वार्डों की संख्या २३ से घटकर १३ होने का अनुमान है। वार्डों की भौगोलिक स्थिति बदलने का असर शहर की राजनीति पर भी पड़ेगा। आगामी निगम चुनाव में कई वर्तमान पार्षदों की राजनीति खतरे में पड़ जाएगी। जो वार्ड विलोपित होंगे, वहां के पार्षदों को अगल-बगल में अपने लिए सुरक्षित वार्ड की तलाश करनी पड़ेगी। ऐसे में दावेदारों में भी खूब घमासान मचेगा।
परिसीमन का विधानसभा क्षेत्र पर असर
भिलाई नगर – निगम में विधायक समर्थक पार्षद हो जाएंगे कम
परिसीमन के बाद नगर निगम में भिलाई नगर विधायक के समर्थकों की संख्या कम हो जाएगी। वर्तमान में भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में कुल ३४ वार्ड आते हैं। परिसीमन के बाद १० वार्ड विलोपित होने से विधानसभा क्षेत्र में वार्डों की संख्या २४ हो सकती है।
वैशाली नगर- निगम में वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से चुने विधायक समर्थकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। वर्तमान में २७ वार्ड वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में है। परिसीमन के बाद ८ और नए वार्ड अस्तित्व में आ सकते हैं।
दुर्ग ग्रामीण – दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल ९ वार्ड है। परिसीमन के बाद वार्डों की संख्या ९ से बढ़कर ११ हो जाएगी।

आप ऐसे समझें परिसीमन के गणित को
परिसीमन से शहर के आउटर वाले वार्ड जुनवानी, कुरुद, घासीदास नगर, छावनी, पुरैना, डुंडेरा, जोरातराई प्रभावित नहीं होगा। इन वार्डों की आबादी लगभग ७-८ हजार है। भविष्य में आबादी का विस्तार होने की संभावना है। वार्ड यथावत रहेंगे, सीमा रेखा २०११ की जनगणना ब्लॉक के अनुसार बदल जाएगी।
सेक्टर-3 पश्चिम की आबादी सबसे कम
टाउनशिप क्षेत्र में सात वार्ड ऐसे हैं, जिसकी आबादी ३ से ५ हजार के बीच है। सेक्टर-३ पश्चिम की आबादी सबसे कम है। यहां २७२२ की आबादी और लगभग ७०० मतदाता है। जो कि वार्ड की औसत आबादी से काफी कम है। सेक्टर-२ पश्चिम वार्ड में ५५४४ और सेक्टर-५ पश्चिम ४६७४ आबादी है। इसी प्रकार सेक्टर-१ पूर्व और सेक्टर-१ पश्चिम, सेक्टर-२ पूर्व, सेक्टर-२ पश्चिम, सेक्टर-४ पूर्व और पश्चिम, सेक्टर-५ पूर्व और पश्चिम, सेक्टर-६ पूर्व, पश्चिम और मध्य, सेक्टर-९ , शहीद कौशल यादव उत्तर और दक्षिण की आबादी औसत आबादी से कम है। इसलिए वार्डों का नए सिरे से गठन किया जाएगा।
तालपुरी को एक नया वार्ड बनाया जा सकता

रिसाली बस्ती को विभाजित कर नए वार्ड का गठन किया जाएगा। तालपुरी को एक नया वार्ड बनाया जा सकता है। नेहरू नगर पूर्र्व और पश्चिम को आपस में जोड़कर नया वार्ड का गठन किया जा सकता है। कोसा नगर और राधिका नगर मिलाकर एक वार्ड बनाया जा सकता है। प्रियदर्शनी परिसर पूर्व और पश्चिम को नया वार्ड बनाया जा सकता है।

Home / Bhilai / भिलाई निगम के वार्डों का फिर से होगा परिसीमन, टाउनशिप के 23 वार्ड हो जाएंगे 13, पढि़ए पूरी खबर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो