जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब 12.30 बजे जामुल टीआई विशाल सोम पेट्रोलिंग टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण कर रहे थे। उसी समय उन्हें शराब तस्करी की सूचना मिली। उन्होंने बिना देरी किए पेट्रोलिंग टीम के साथ घासीदास मैदान में दबिश दी। जहां एक सफेद रंग की लग्जरी कार खड़ी थी। जब पुलिस पास पहुंची तब शराब तस्कर ने पुलिस की गाड़ी को देख लिया और भागने की कोशिश करने लगा।
टीआई और पेट्रोलिंग टीम ने शराब तस्कर की कार के आगे पीछे गाड़ी सटा दिया। कार में सवार तस्कर उतर कर भागने लगे। पुलिस ने उसे दौड़ा कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सबसे पहले आरोपी का मोबाइल जब्त किया। इसके बाद कार समेत थाना लेकर गए। इसी तारतम्य में सूचना के आधार पर दो घंटे बाद दूसरे शराब तस्कर की गाड़ी पर रेड मार दिया। आम्रपाली नाला के पास एक गली में कार को पकड़ा। इस तरह दो घंटे के अंतराल में शराब तस्कर आरोपी राहुल उर्फ राजभर और गगन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की कार से 28 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है। मुख्य सरगना विशाल भागने में कामयाब हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दुर्ग जिले की जामुल पुलिस ने जो शराब पकड़ा है। उसमें किसी कंपनी का टैग नहीं लगा है। सिर्फ गोवा मेड स्टीकर लगा हुआ है, लेकिन शीशी प्लेन है। इससे पुलिस यह कयाश लगा रही है कि शराब लोकल है। इसकी तस्करी लोकल स्तर पर की जा रही है। पुलिस मुख्य शराब तस्कर की तलाश में जुटी है।