भीलवाड़ा. भीलवाड़ा जिले के रायला और कोटड़ी थाने के दो सिपाहियों की जान लेने के बाद फरार कुख्यात तस्कर राजू फौजी की तलाश में गई पुलिस टीम ने नागौर जिले के खींवसर में उसके एक साथी को पकड़ लिया। पकड़े जाने से पहले साथी ने पुलिस पर फायर किया। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। नागौर, बीकानेर, जोधपुर, गंगानगर, चित्तौड़ के साथ मध्यप्रदेश के कई जिलों में हत्या, लूट, अपहरण, एनडीपीएस सहित गंभीर अपराधिक मामलों में फरार इनामी हार्डकोर अपराधी भोपालराम पुत्र खमाराम बिश्रोई को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने चित्तौडग़ढ़ जिले में भी सरपंच पति पर हमला किया था। इस मामले में भी उसकी तलाश है।