scriptहरियाणा में प्रचार का मोर्चा संभालेंगे भाजपा के यह सात केंद्रीय मंत्री | 7 central ministers of bjp will campaign in haryana | Patrika News
भिवानी

हरियाणा में प्रचार का मोर्चा संभालेंगे भाजपा के यह सात केंद्रीय मंत्री

बीजेपी की ओर से पूरा शेड्यूल जारी किया गया है…
 

भिवानीApr 25, 2019 / 08:23 pm

Prateek

file photo

file photo

(चंडीगढ़,भिवानी): हरियाणा में मिशन दस लेकर चल रही भारतीय जनता पार्टी ने आधा दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों व नेताओं को हरियाणा में उतार दिया है। यह सभी नेता चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा मुख्यालय ने मंत्रियों का प्रचार कार्यक्रम जारी कर दिया है। पार्टी का हरियाणा नेतृत्व क्षेत्रीय व जातिगत समीकरणों के आधार पर केंद्रीय नेताओं को जिले अलाट करेगी। पार्टी हाईकमान का यह प्रचार अभियान रविवार से शुरू होगा।


भाजपा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह हरियाणा में होंगे। वीके सिंह मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिला के रहने वाले हैं। 28 व 29 अप्रैल को ही भाजपा के लोकसभा प्रभारी कलराज मिश्र द्वारा कार्यकर्ताओं की बैठकों का आयोजन करने के साथ-साथ चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया जाएगा। 29 अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री ठाकुर राजनाथ सिंह हरियाणा में होंगे। इसी दिन केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा का भी हरियाणा में दौरा है। 30 अप्रैल को फिर से कलराज मिश्र चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।


इसके बाद तीन मई को केंद्रीय मंत्री पुरषोत्तम रूपाला हरियाणा का दौरा करके कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे। पांच मई को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी हरियाणा में होंगे। नकवी पहले भी गुरुग्राम और मेवात के इलाकों में हुए कार्यक्रमों में आ चुके हैं। केंद्रीय विदेश मंत्री सुष्मा स्वराज आगामी छह मई को हरियाणा दौरा करेंगी। सुष्मा स्वराज मूल रूप से अंबाला की हैं और इससे पहले वह हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रही हैं। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि सुष्मा स्वराज अंबाला लोकसभा क्षेत्र में प्रचार करेंगी। आठ मई को भाजपा का हरियाणा पर पूरा फोकस रहेगा। जिसके चलते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ हरियाणा में प्रचार करेंगे। योगी आदित्य नाथ पहले भी करनाल व रोहतक में आ चुके हैं और उनके रोहतक के मस्तनाथ मठ के पूर्व एवं वर्तमान गद्दनशीन संत के साथ करीबी संबंध हैं। इसके अलावा आठ मई को ही केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह जहां दोबारा हरियाणा में आएंगे वहीं केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी भी चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। नौ मई को प्रचार समाप्त होने से पहले मथुरा की निवर्तमान सांसद हेमामालिनी हरियाणा में रोड शो करेंगी।


मुख्यमंत्री मनोहर लाल रोहतक में करेंगे रोड शो

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को रोहतक में रोड शो करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार 27 अप्रैल को सीएम मनोहर लाल भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट के अंतर्गत आते अटेली में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 28 अप्रैल को सोनीपत के खरखौदा तथा सिरसा के रतिया में जनसभा को संबोधित करेंगे। 29 अप्रैल को मुख्यमंत्री द्वारा सिरसा के ओढा, एक मई को कुरूक्षेत्र के लाडवा तथा उसी दिन अंबाला के बराड़ा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया जाएगा।

 

Home / Bhiwani / हरियाणा में प्रचार का मोर्चा संभालेंगे भाजपा के यह सात केंद्रीय मंत्री

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो