scriptबर्खास्त आइएएस अरविंद जोशी की 3.5 करोड़ की बीमा पॉलिसी अटैच | Action | Patrika News
भोपाल

बर्खास्त आइएएस अरविंद जोशी की 3.5 करोड़ की बीमा पॉलिसी अटैच

-33 लोगों ने नाम से करवाई थीं बीमा पॉलिसी, इनमें से कुछ बैंक कर्मचारी

भोपालJan 16, 2019 / 01:21 am

Ram kailash napit

news

Arvind Joshi, Tinu Joshi

भोपाल. पद पर रहते करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित करने वाले बर्खास्त आइएएस अधिकारी आनंद जोशी एवं टीनू जोशी की 3.5 करोड़ रुपए की बीमा पॉलिसी आयकर विभाग ने अटैच कर ली हैं। जोशी ने 33 पॉलिसी ली थीं, जिनमें से कई पॉलिसी परिवार के सदस्यों और कुछ बैंक कर्मचारियों के नाम थीं। आयकर विभाग ने वर्ष 2010 में जोशी दंपती के ठिकानों से करोड़ों रुपए नकद और प्रॉपर्टी के दस्तावेज जब्त किए थे। इसी दौरान बीमा पॉलिसियों की भी जानकारी मिली थी। जोशी ने आइसीआइसीआइ प्रूडेंशियल में की गई बीमा पॉलिसी में इन्वेस्ट किया था। इस निवेश के बारे में जोशी और उनका परिवार आयकर विभाग को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पॉलिसी करवाने में बैंक की एजेंट सीमा जायसवाल की अहम भूमिका रही थी। विभाग ने सीमा की संपत्ति भी अटैच कर ली है।

आयकर विभाग ने बताया कि इंश्योरेंस के माध्यम से काले धन को सफेद करने का खेल सीमा जायसवाल के माध्यम से खेला गया था। सीमा, जोशी परिवार के अलावा कुछ कर्मचारियों के नाम पर नकद राशि लेती थी। फिर इस राशि को अलग-अलग खातों में डालकर उन्हें वापस पॉलिसियों में ट्रांसफर कर देती थी। इस तरह कालाधन सफेद हो जाता था। विभागीय सूत्रों ने बताया, ये 33 पॉलिसी जिनके नाम हंै उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इनमें से जो लोग इस गड़बड़झाले में शामिल नहीं थे, लेकिन उनके खाते में पैसा जमा हुए और निकाले गए थे, उन्हें विभाग गवाह बनाकर आगे जांच करेगा।
अकूत संपत्ति बनाई

अरविंद जोशी ने पद पर रहते हुए अकूत संपत्ति बनाई थी। छापे के दौरान उनके घर में ही तीन करोड़ रुपए से अधिक नकद मिले थे। इसके अलावा ज्वेलरी, प्रॉपर्टी और बीमा से संबंधित दस्तावेज मिले थे। उनकी जमीनें भोपाल के अलावा मेंडोरी गांव, रायसेन और मंडला में भी हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपए है। इन जमीनों का विभाग ने अटैचमेंट शुरू कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि 220 एकड़ जमीन में से 100 एकड़ ईडी ने और 120 एकड़ जमीन आयकर विभाग ने अटैच की है। इस मामले में जोशी दंपती को अपना पक्ष रखने के लिए आयकर विभाग ने 15 दिन का समय दिया है।
प्रदेश में 1000 करोड़ से अधिक की प्रॉपर्टी बेनामी घोषित

वर्ष 2016 में आए बेनामी एक्ट के बाद से अब तक मध्यप्रदेश में आयकर विभाग ने 300 एकड़ से अधिक जमीन की जांच की। इसमें से 250 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी को बेनामी कानून के तहत अटैच किया है। बेनामी प्रॉपर्टी में भोपाल के सुशील वासवानी, कटनी के पवन अहलूवालिया के नाम सामने आ रहे हैं।

Home / Bhopal / बर्खास्त आइएएस अरविंद जोशी की 3.5 करोड़ की बीमा पॉलिसी अटैच

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो