scriptभारी बारिश के कारण कहीं रास्तों में तो कहीं तंबुओं में रुके हैं यात्री | Amarnath Yatra on the way due to rain | Patrika News
भोपाल

भारी बारिश के कारण कहीं रास्तों में तो कहीं तंबुओं में रुके हैं यात्री

बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा रुकी, बारिश थमी तो आज पवित्र गुफा के लिए रवाना होंगे यात्री, पहलगाम और बालटाल में रूके है भोपाल के कई यात्री

भोपालJun 29, 2018 / 09:27 am

Bhalendra Malhotra

mp news

भारी बारिश के कारण कहीं रास्तों में तो कहीं तंबुओं में रुके हैं यात्री

भोपाल. भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। इसलिए भोपाल से पहले दिन गए यात्री गुरुवार को दर्शन के लिए नहीं जा पाए। ये यात्री पहलगाम और बालटाल में रुके हैं। इसके अलावा दो दिन पहले गए यात्री अभी रास्ते में हैं। बारिश के कारण फिलहाल यात्रा बंद है और यात्री लंगर, तंबुआें और हट्स में रुके हैं। जैसे ही बारिश खुलती है, उसके बाद यात्रा शुरू हो पाएगी।

बारिश थमने का कर रहे इंतजार
पहलगाम में रुके भोपाल जिंसी निवासी राजेश साहू ने बताया कि हम लोग दर्शन के लिए अभी बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं। पहलगाम हम बुधवार शाम को ही पहुंच गए थे और यहां से सुबह-सुबह यात्रा के लिए तैयारी कर रहे थे। बुधवार को मौसम भी साफ था, लेकिन रात से अचानक बारिश शुरू हो गई जो अब तक जारी है। इसके कारण सुबह 11 बजे से ही यात्रा बंद कर दी गई। यहां बहुत बारिश हो रही है, चंदनवाड़ी और शेषनाग में ज्यादा बारिश है।

बारिश के कारण फिसलन हो गई है, इसलिए फिलहाल एहतियात के तौर पर यात्रा रोक दी गई है। अशोका गार्डन निवासी संजय दुबे ने बताया कि यहां खाने पानी के बेहतर इंतजाम है और किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। मेडिकल कैंप आदि भी लगे हुए हैं। हम लोग टेंट में रुके हुए हैं, बाहर तेज बारिश का दौर चल रहा है। उम्मीद है कि सुबह होने के पहले बारिश रूक जाए और हम दर्शन के लिए रवाना हो।

बारिश में भीगते हुए नाचे भोले के भक्त, 100 से अधिक यात्री रवाना
अमरनाथ यात्रा के लिए यात्रियों की रवानगी का सिलसिला जारी है। ओम शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से गुरुवार को 100 से अधिक यात्रियों का जत्था रवाना हुआ। शाम को रेलवे स्टेशन प्रांगण में बारिश की फुहारों के बीच शिव भक्तों के भोले के जयकारों के साथ भक्तिमय नृत्य किया। मंडल के रिंकू भटेजा ने बताया कि शुक्रवार को इस साल अब तक सबसे बड़ा जत्था रवाना होगा। इसमें 326 यात्री शामिल रहेंगे। जत्थे का स्वागत शहर में 31 सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, व्यापारिक संस्थाओं द्वारा किया जाएगा।

महाशक्ति आर्गेनाइजेशन का जत्था भी रवाना
महाशक्ति आशीर्वाद आर्गेनाईजेशन के बैनर तले भी गुरुवार को 100 से अधिक यात्री अमरनाथ यात्रा के लिए मालवा एक्सप्रेस से रवाना हुए। सचिव अनोखेलाल द्विवेदी ने बताया कि इस जत्थे में भोपाल ससहित हरदा, मंडीदीप, विदिशा, होशंगाबाद आदि स्थानों के भक्त शामिल हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो