भोपाल

मौसम बिगड़ा, इंडिगो फ्लाइट को भोपाल में उतारा, इन राज्यों के यात्री परेशान

प्रयागराज में मौसम खराब होने के कारण बेंगलुरू से प्रयागराज जा रही फ्लाइट को भोपाल किया डायवर्ट…।

भोपालJan 22, 2022 / 02:03 pm

Manish Gite

भोपाल। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर दिखने लगा है। शनिवार को सुबह बेंगलुरू से इलाहाबाद जाने वाली फ्लाइट की भोपाल डायवर्ट कर दी गई। इस कारण कर्नाटक से यूपी जा रहे कई यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

 

मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव का असर हवाई यातायात पर नजर आने लगा है। यही कारण है कि प्रयागराज (इलाहाबाद) में कोहरा छाने और मौसम खराब के कारण बेंगलुरू से इलाहाबाद जाने वाली फ्लाइट 6E429 की फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट कर राजाभोज एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया है।

 

लगातार रद्द हो रही फ्लाइट

खबर है कि प्रयागराज (इलाहाबाद) जाने वाली फ्लाइट लगातार चार दिनों से रद्द हो रही है। मौसम खराबी के कारण शुक्रवार को भी बेंगलुरू की फ्लाइट नहीं आ सकी थी और न ही उड़ान भर सकी, जबकि मध्यप्रदेश के इंदौर से आने वाली फ्लाइट भी प्रयागराज नहीं पहुंच पाई थी।

 

भोपाल एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ाई

इधर, भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर आकस्मिक चैकिंग भी की जा रही है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अब यात्रियों की जांच विमान के भीतर जाने से पहले होती थी, जाच के बाद यात्रियों को सिक्यूरिटी होल्ड एरिया में इंतजार करने को कहा जा रहा है। साथ ही पार्किंग और प्रवेश द्वार पर भी सुरक्षा जांच लगाई गई है। बैगेज एक्सरे से जांच की जा रही है। हैंड बेगेज की भी सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। इसके अलावा प्रवेश टिकट काउंटर भी शुक्रवार से बंद कर दिया गया है। किसी भी यात्री को छोड़ने के लिए अब परिजन एयरपोर्ट के भीतर नहीं जा पाएंगे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.