scriptएक दिन में 5 डिग्री गिरा पारा, बड़े तालाब का जलस्तर 1666.90 पर | bhopal news | Patrika News
भोपाल

एक दिन में 5 डिग्री गिरा पारा, बड़े तालाब का जलस्तर 1666.90 पर

विदाई के पहले बारिश का यूटर्न: सुबह से देर रात तक भीगता रहा शहर, आज भी ऐसा ही रहेगा मौसम का मिजाज

भोपालSep 24, 2020 / 01:31 am

manish kushwah

एक दिन में 5 डिग्री गिरा पारा, बड़े तालाब का जलस्तर 1666.90 पर

एक दिन में 5 डिग्री गिरा पारा, बड़े तालाब का जलस्तर 1666.90 पर

भोपाल. राजधानी में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी सुबह से देर रात्रि तक शहर कभी हल्की तो कभी मध्यम बौछारों से भींगता रहा। पिछले 36 घंटे में शहर में 42.1 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, वहीं शहर में सुबह से शाम तक 4.2 और जिले में 12.7 मिमी बारिश दर्ज हुई है। मंगलवार और बुधवार को हुई बारिश के बाद शहर के अधिकतम तापमान में लगभग पांच डिग्री तक गिरावट आई है। बुधवार को सुबह से ही शहर में बारिश का दौर चलता रहा। दोपहर में बारिश थमी, लेकिन शाम से फिर शहर में कई हिस्सों में बारिश हुई। रात्रि में भी शहर के कई हिस्सों में हल्की व मध्यम बारिश होती रही। गुरुवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
भोपाल से 15 अक्टूबर के आसपास विदाई के संकेत
शहर से मानसून की विदाई 15 अक्टूबर के आसपास हो सकती है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एके शुक्ला ने बताया कि भोपाल से मानसून की विदाई की सामान्य तारीख 5 अक्टूबर है। लेकिन राजस्थान से ही अभी मानसून की विदाई के संकेत 28 सितम्बर के आसपास है, ऐसे में शहर से मानसून की वापसी 15 अक्टूबर के आसपास हो सकती है। मंंगलवार से शहर में हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। इसके कारण लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.9 और न्यूनतम 24.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम 25.6 डिग्री दर्ज किया गया था।
लगातार बारिश से खुले भदभदा के गेट
भोपाल. लगातार बारिश से एक बार फिर से भदभदा के गेट खोले गए। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश से तालाब में जलस्तर 1666.90 पर पहुंचा तो इसका गेट नंबर पांच खोलकर पानी निकाला गया। तीन घंटे से अधिक समय तक गेट खुला रखा गया। शाम छह बजे बाद बंद किया गया। भदभदा के गेट खुलने से कलियासोत डैम का जलस्तर भी बढ़ा और यहां के भी दो गेट खोले गए। बारिश का दौर जारी रहा तो संभव है रात को भी गेट खोले जा सकते हैं।

Home / Bhopal / एक दिन में 5 डिग्री गिरा पारा, बड़े तालाब का जलस्तर 1666.90 पर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो