scriptभाजपा ने बनाया साढ़े 5 साल बाद नया कोर ग्रुप: नए चेहरों को किया शामिल | Patrika News
भोपाल

भाजपा ने बनाया साढ़े 5 साल बाद नया कोर ग्रुप: नए चेहरों को किया शामिल

कोर ग्रुप में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल हो गए हैं, जबकि केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल को हटा दिया गया है। शिवराज सरकार के मंत्रियों में डॉ. नरोत्तम मिश्रा पहले से थे। अब मंत्री भूपेंद्र सिंह को शामिल किया है।

भोपालJun 03, 2022 / 01:01 pm

Subodh Tripathi

भाजपा ने बनाया साढ़े 5 साल बाद नया कोर ग्रुप: नए चेहरों को किया शामिल

भाजपा ने बनाया साढ़े 5 साल बाद नया कोर ग्रुप: नए चेहरों को किया शामिल

भोपाल. राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे के ठीक पहले भाजपा ने शुक्रवार को नया कोर ग्रुप गठित कर दिया। साढ़े पांच साल बाद यह ग्रुप बनाया गया है। कोर ग्रुप के साथ अनुशासन समिति, आर्थिक समिति और चुनाव समितियां भी गठित की हैं।

खास ये है कि कोर ग्रुप में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल हो गए हैं, जबकि केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल को हटा दिया गया है। शिवराज सरकार के मंत्रियों में डॉ. नरोत्तम मिश्रा पहले से थे। अब मंत्री भूपेंद्र सिंह को शामिल किया है। ग्रुप में पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल को भी लिया है। वे ग्रुप में शामिल एकमात्र विधायक हैं। लाल सिंह आर्य और जयभान सिंह पवैया को भी शामिल कर सियासी महत्त्व दिया है। भाजपा में सिंधिया के आने के बाद से ही पवैया साइड लाइन थे।

बता दें, इससे पहले तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के समय कोर ग्रुप था। फिर राकेश सिंह प्रदेश अध्यक्ष बने और वीडी शर्मा आए। इस बीच अनौपचारिक रूप से नेता जुड़ते-हटते गए।

चुनाव समिति में 19 नेता

प्र देश चुनाव समिति में वीडी शर्मा, शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, वीरेंद्र खटीक, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राकेश सिंह, फग्गन सिंह कुलस्ते समेत पार्टी ने 19 नेताओं को जगह दी है।

अनुशासन समिति में ये

भाजपा ने नई अनुशासन समिति की कमान ग्वालियर के वेदप्रकाश शर्मा को सौंपी है। वे पूर्व संभागीय संगठन मंत्री हैं। समिति में गरोठ विधायक देवीलाल धाकड़ व उज्जैन विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल भी हैं। आर्थिक समिति में अखिलेश जैन, अनिल जैन, हेमंत खंडेलवाल और भगवानदास सबनानी को लिया है।

 

ये होगा कोर ग्रुप

18 नेताओं के कोर ग्रुप में सीएम शिवराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ही पुराने ग्रुप में थे। बाकी नए नेता शामिल हुए हैं। इनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, राकेश सिंह, भूपेंद्र सिंह, लाल सिंह आर्य, जयभान सिंह पवैया, राजेंद्र शुक्ल, हितानंद शर्मा, कविता पाटीदार, ओमप्रकाश धुर्वे शामिल हैं। विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव व सह-प्रभारी पंकजा मुंडे शामिल किए गए हैं। खास ये कि केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल कोर-ग्रुप से हटा दिए गए हैं। माना जा रहा था कि पटेल शामिल रहेंगे, लेकिन कई नए और सियासी कद में छोटे चेहरों को शामिल किया गया। पेगेसस पेपर लीक में उनका नाम आने के बाद से कई महत्वपूर्ण मौकों पर उन्हें अनदेखा किया गया है। यही वजह है कि चार समितियों में से पटेल को किसी भी समिति में जगह नहीं मिली है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो