भोपाल

कांग्रेस में शामिल हुए दीपक जोशी से मिलने पहुंचे दिग्विजय, भाजपा पर किया बड़ा हमला

पूर्व मंत्री जोशी के घर पहुंचे दिग्विजय सिंह, समर्थकों के साथ भी की बातचीत…।

भोपालMay 23, 2023 / 01:59 pm

Manish Gite

भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए दीपक जोशी को करीब 15 दिन से अधिक हो गया है। कांग्रेस नेताओं के साथ मेल-मुलाकातों का दौर चल रहा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी दीपक जोशी के निवास पर गए और उनके समर्थकों के साथ चर्चा की। मुलाकात के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा पर बेइमानों और भ्रष्टाचारियों का कब्जा हो गया है।

राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी के देवास के सिविल लाइंस स्थित निवास पर पहुंचे थे। यहां सिंह करीब 15 मिनट रुके। उन्होंने जोशी के निवास पर लगी पुरानी तस्वीरें देखीं और जोशी के समर्थकों से मुलाकात की। इसके बाद जोशी से उन्होंने चर्चा की। स्वर्गीय कैलाश जोशी को लेकर भी बात हुई। इसके बाद सिंह सर्किट हाउस पर रात्रि विश्राम के लिए रवाना हो गए। मंगलवार को वे कांग्रेस की विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे।

उधर, मीडिया से चर्चा के दौरान सिंह ने जोशी के कांग्रेस की सदस्यता लेने पर कहा कि कोई भी देश में किसी राजनीतिज्ञ को संत उपाधि मिली हो, ऐसा कोई दूसरा नाम आपके पास हो तो मुझे बताओ। स्व. कैलाश जोशी एक आदर्श राजनीतिज्ञ थे। उनके आचरण, ईमानदारी, निष्ठा का कोई मुकाबला नहीं कर सकता है। हमारे लिए तो सौभाग्य की बात है कि दीपक आज हमारे साथ आए हैं। हमारे लिए तो यह सोने पर सुहागा है।

 

 

https://www.dailymotion.com/embed/video/x8l5okm

दीपक का कांग्रेस में आना उन सारे लोगों के लिए संकेत है जिनके परिवार ने साइकिल पर चलकर, चने खाकर जनसंघ को स्थापित किया था। वो पीढ़ी, वो परिवार, वो लोग आज दु:खी हैं क्योंकि भाजपा पर कब्जा हो गया है दलालों का, बेइमानों का व भ्रष्टाचारियों का। देवास, इंदौर देख लो, गांव-गांव तक वो सारे जनसंघ के लोग जिन्होंने अपना पेट काटकर जनसंघ को जमाया आज उनके बच्चे भूखे मर रहे हैं और बेरोजगार हैं। जिनके पास कुछ नहीं था वो आज फॉर्च्यूनर में घूम रहे हैं, ये भाजपा है।

जो कमी थी दीपक ने पूरी कर दी

सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार निश्चित आएगी और उसमें जो थोड़ी बहुत कमी थी वो दीपक जोशी ने पूरी कर दी। सिंह ने कहा कि 1991 में जब मैं प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष था तब दीपक मेरे पास आए थे। उस समय उनके साथ भाजपा में जिस प्रकार से व्यवहार किया जा रहा था उससे वे दु:खी थे। मैंने इनसे कहा कि देखो आपके पिता का पूरा जीवन बीत गया जनसंघ और भाजपा की सेवा में। उनके जीते जी आपको पार्टी नहीं छोड़ना चाहिए। अगर वो मुझे कह दें तो दिग्विजय तुम ले लो दीपक को तो मैं ले लूंगा। इसलिए दीपक ये पाप मुझसे मत कराओ। सिंह ने कहा कि आज हालात दूसरे हैं। शिवराजसिंह चौहान क्या थे और कहां थे। जो दीपक के कार्यकर्ता के रूप में काम करते थे वो शिवराज आज इतने बड़े आदमी हो गए कि इनको भुला दिया। शिवराजसिंह चौहान का चरित्र बताता है वो कभी किसी का सगा नहीं हुआ। सिंह के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, पूर्व महापौर जयसिंह ठाकुर, प्रदीप चौधरी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Hindi News / Bhopal / कांग्रेस में शामिल हुए दीपक जोशी से मिलने पहुंचे दिग्विजय, भाजपा पर किया बड़ा हमला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.