मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रतिनिधि के तौर पर श्रीलंका सरकार से चर्चा करने गए मंत्री शर्मा ने बताया कि भोपाल से कोलंबो की सीधी विमान सेवा शुरू करने के राज्य शासन द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। इस पर श्रीलंका के विदेश मंत्री गुणवर्धने ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीलंका सरकार भी कोलंबो से भोपाल सीधी विमान सेवा शुरू करने के लिए तैयार है। श्रीलंका से लाखों यात्री भोपाल और सांची जाते हैं। सीधी एयर कनेक्टिविटी से लाखों लोगों को लाभ होगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुरू होगा सिलसिला –
मंत्री शर्मा ने बताया कि भारत में श्रीलंका और श्रीलंका में लोक कल्याण, लोक कला और संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजनों का सिलसिला भी शुरू किया जाएगा। श्रीलंका के विदेश मंत्री गुणवर्धने ने भी इस पर सहमति दी है। श्रीलंका के विदेश मंत्री ने कहा कि आयोजनों को शुरू करने संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा करने श्रीलंका सरकार सांस्कृतिक दल मध्यप्रदेश भेजेगी।
प्रोजेक्ट को श्रीलंका करेगा आर्थिक मदद –
बैठक के दौरान सांची में विश्व बौद्ध संग्राहलय, शिक्षण संस्थान, भिच्छु प्रशिक्षण और बुद्धिस्ट चेन्टिंग सेंटर की स्थापना पर विस्तृत चर्चा हुई। विश्व बौद्ध संग्राहलय और शिक्षण संस्थान के प्रोजेक्ट को प्रस्तुत किया गया। श्रीलंका के विदेश मंत्री ने प्रोजेक्ट को वित्तीय समर्थन देने की स्वीकृति भी दी।