scriptएक किस्सा लोकसभा का: यहां से रियासत के महाराजा को चुनाव हराकर संसद में पहली बार पहुंचा था एक दिव्यांग | ek kissa loksabha ka rewa Lok Sabha constituency | Patrika News
भोपाल

एक किस्सा लोकसभा का: यहां से रियासत के महाराजा को चुनाव हराकर संसद में पहली बार पहुंचा था एक दिव्यांग

एक किस्सा लोकसभा का: यहां से रियासत के महाराजा को चुनाव हराकर संसद में पहली बार पहुंचा था एक दिव्यांग

भोपालApr 21, 2019 / 12:28 pm

Pawan Tiwari

ek kissa

एक किस्सा लोकसभा का: यहां से रियासत के महाराजा को चुनाव हराकर संसद में पहली बार पहुंचा था एक दिव्यांग

भोपाल. साल था 1989। लोकसभा चुनाव के दौरान एक अखबार में हेडलाइन छपी थी। एक ऐसा उम्मीदवार जो जनता को नहीं देख सकता और दूसरा उम्मीदवार ऐसा जिसे जनता नहीं देख सकती। कहते हैं राजनीति यहां के खून में है। यहां सियासत राजाओं ने भी, कॉलेज के छात्रों ने भी की तो यहां एक रंक ने राजा को हारा दिया था। यहां होने वाले अनशन सियासत के लिए भूचाल लाते थे। हर नेता यहां खुद को शेर समझता है और ठाकुर ब्राम्हण की राजनीति करता है। शेर का जिक्र हो ही गया है तो ये भी जान लीजिए यहां के बाघों की दुनिया दीवानी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डेविड आइज़नहावर ने तो अमेरिका के जंगलों के लिए यहां से बाघ खरीदा था। ये बाघों की धरती है..जी हां सफेद बाघों की धरती। ये जिला कभी खुद एक प्रदेश था। यहां सिक्का जनता का चलता है किसी दल का नहीं क्योंकि ये है विंध्य।

कभी किसी दल का वर्चश्व नहीं रहा
आजादी के बाद सेन्ट्रल इण्डिया एजेन्सी के पूर्वी भाग के रियासतों को मिलाकर 1948 में इस प्रदेश का निर्माण किया गया था और राजधानी बनी थी रीवा। हम बताएंगे रीवा लोकसभा सीट का किस्सा। रीवा लोकसभा सीट में कभी किसी दल का वर्चस्व नहीं रहा। यहां की जनता ने किसी पार्टी को नहीं बल्कि उम्मीदवार को चुना।
गोवा आंदोलन में रीवा के यमुना शास्त्री का भूमिका
साल 1955 में राम मनोहर लोहिया के नेतृत्व में गोवा मुक्ति आंदोलन देश में जोर पकड़ रहा था। रीवा का एक लड़का इस आंदोलन में शामिल हुआ था। नाम था यमुना प्रसाद शास्त्री। गोवा मुक्ति आंदोलन में यमुना प्रसाद शास्त्री की सक्रिय भूमिका थी। आजादी की इस जंग में उनके एक आंख की रोशनी चली गई। कहा जाता है वजह थी पुलिस की पिटाई। पुलिस ने उन्हें इस कदर पीटा था कि उनकी दाहिनी आंख की रोशनी चली गई। 1975 में उन्होंने आपातकाल के विरोध में विंध्य क्षेत्र में किसान आंदोलन की अगुवाई की। एक बार फिर से पुलिस ने इन पर इस कदर जुल्म ढाया कि उनकी बाईं आंख की रोशनी भी चली गई लेकिन उनकी नेत्रहीनता उनके संघर्षशील राजनीतिक सफर में बाधक नहीं बन सकी।
महाराजा को हराया
यमुना प्रसाद शास्त्री आपातकाल के दौरान 19 महीने जेल में रहे। 1977 के लोकसभा चुनाव में भारतीय लोकदल पार्टी के टिकट पर रीवा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़े। विपक्षी उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे रीवा रियासत के महाराजा मार्तण्ड सिंह। महाराजा ने चुनाव निर्दलीय लड़ा था पर कांग्रेस का समर्थन मिला था। परिणाम आए तो 6 हजार 6 सौ 93 वोटों से यमुना प्रसाद शास्त्री अपना चुनाव जीत गए थे। देश में एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ था। देश की संसद में पहली बार कोई दिव्यांग पहुंचा था।
ek kissa
दूसरी बार महारानी को हराया
यमुना प्रसाद शास्त्री दूसरी बार 1989 में जनता दल के टिकट पर फिर लोकसभा के लिए मैदान में उतरे थे। इस बार उनका मुकाबला रीवा राजघराने की महारानी प्रवीण कुमारी देवी से था। जनता ने एक बार फिर यमुना प्रसाद शास्त्री का साथ दिया था और वो दूसरी बार संसद पहुंचे। इसी मुकाबले के लिए हमने उस हेडलाइन का जिक्र किया जिसमें कहा था कि एक ऐसा उम्मीदवार जो जनता को नहीं देख सकता और दूसरा उम्मीदवार ऐसा जिसे जनता नहीं देख सकती। इसका मतलब ये था कि संघर्ष ने यमुना प्रसाद शास्त्री की आंखे छिन ली थी और वोट करने वाली जनता को वह देख नहीं सकते थे। प्रवीण कुमारी देवी रीवा रियासत की महारानी थीं और रीवा की आधे से ज्यादा आबादी ने उन्हें कभी देखा नहीं था और ना ही उनसे मिल सकती थी।
मुझे धृतराष्ट्र मत बनाओ
शास्त्री जी जनता के लिए अनशन किया करते थे। उनके अनशनों की खबर सुनते ही प्रशासन में हड़कंप मच जाता था। शास्त्री जी अनशन में बैठे थे तब उनके एक करीबी ने कहा था शास्त्री जी उम्र बहुत हो गई अब अनशन मत किया करिए। शास्त्रीजी ने जबाव दिया था- अगर मेरे अनशन से किसी गरीब के घर में चूल्हा जलता है और उसे दो वक्त की रोटी मिलती है तो मैं हर दिन ऐसे अनशन कर सकता हूं। एक बार किसी ने कहा था कि अपने बेटे के लिए टिकट की पैरवी करिए तो शास्त्रीजी ने कहा था मैं अंधा हूं अब बेटे के टिकट की पैरवी करने की बात कह कर मुझे धृतराष्ट मत बनाओ।

रीवा लोकसभा में आठ विधानसभा सीटें
रीवा लोकसभा सीट में आठ विधानसभा सीटे हैं। सिरमौर, सेमरिया, त्योंथर, मऊगंज, देवतालाब, मनगवां, रीवा और गुढ़। रीवा संसदीय सीट पर पहला चुनाव 1957 में हुआ था। मध्यप्रदेश की यह एक ऐसी सीट रही है जिस पर किसी एक पार्टी का दबदबा नहीं रहा है। इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी का भी अच्छा खासा प्रभाव है। कांग्रेस को इस सीट पर आखिरी बार 1999 में जीत मिली थी। 1957 के चुनाव में यहां कांग्रेस को जीत मिली थी। कांग्रेस के शिव दत्त उपाध्याय यहां से पहली बार सांसद बने थे। शुरूआती तीन चुनावों में यहां कांग्रेस को जीत मिली तो 1977 में लोकदल को। रीवा लोकसभा सीट पर कांग्रेस को 6 बार, बसपा को 3 बार और बीजेपी को 3 बार जीत मिली है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही इस सीट पर ब्राह्मण चेहरे पर दांव खेलते आए हैं। बीजेपी यहां तीनों बार ब्राह्मण चेहरे के दम पर ही चुनाव जीत पाई है।
ek kissa
कब कौन बना सांसद
1957 में कांग्रेस के शिव दत्त उपाध्याय
1962 में कांग्रेस के शिव दत्त उपाध्याय
1967 में कांग्रेस के शंभूनाथ शु्क्ला
1971 में निर्दलीय महाराज मार्तंड सिंह
1977 में भारतीय लोकदल के यमुना प्रसाद शास्त्री
1980 में निर्दलीय महाराज मार्तंड सिंह
1984 में कांग्रेस के महाराज मार्तंड सिंह
1989 में जनता पार्टी के यमुना प्रसाद शास्त्री
1991 में बसपा के भीम सिंह पटेल
1996 में बसपा के बुद्धसेन पटेल
1998 में भाजपा के चंद्रमणि त्रिपाठी
1990 में कांग्रेस के सुंदरलाल तिवारी
2004 में भाजपा के चंद्रमणि त्रिपाठी
2009 में बसपा के देवराज सिंह पेटल
2014 में भाजपा के जनार्दन मिश्रा
जातिगत समीकरण
2011 की जनगणना के अनुसार रीवा की जनसंख्या 23 लाख 65 हजार 106 है। यहां की 83.27 फीसदी आबादी ग्रामीण क्षेत्र और 16.73 फीसदी आबादी शहरी क्षेत्र में रहती है। यहां पर 16.22 फीसदी लोग अनुसूचित जाति और 13.19 फीसदी अनुसूचित जनजाति के हैं। यहां ब्राह्माण और ठाकुर वोटर ही हार जीत तय करते हैं।
ek kissa
2014 के परिणाम
2014 के चुनाव में बीजेपी के जनार्दन मिश्रा ने कांग्रेस के सुंदरलाल तिवारी को हराया था। जनार्दन मिश्रा को 3 लाख 83 हजार 320 वोट मिले थे तो सुंदरलाल तिवारी को 2 लाख 14 हजार 594 वोट मिले थे। जनार्दन मिश्रा का वोट प्रतिशत 46.18, सुंदरलाल तिवारी को 25.85 फीसदी था।
सांसद का रिपोर्ट कार्ड
जनार्दन मिश्रा 2014 का चुनाव जीतकर पहली बार सांसद बने। संसद में जनार्दन मिश्रा की मौजूदगी 92 फीसदी रही। इस दौरान उन्होंने 36 बहस में हिस्सा लिया। 144 सवाल भी किए विकास कार्यों के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे। उन्होंने 95.53 फीसदी राशि खर्च की उनका करीब 2.67 करोड़ रुपये का फंड बिना खर्च किए ही रह गया।
सफेद बाघों की धरती है रीवा
शुरू में हमने सफेद शेरों का जिक्र किया था। रीवा के महाजारा मार्तंड सिंह शिकार के शौकीन थे। 1951 में वो शेर का शिकार करने निकले थे। रीवा में शिकार को लेकर एक किवदंती है अगर राजा किसी शेरनी का शिकार करे तो उसके बच्चों का भी राजा को शिकार करना पड़ता था। मार्तंड सिंह ने एक शेरनी का शिकार किया। उसके साथ तीन शावक ( शेरनी के बच्चे) थे। राजा ने दो शावकों को मार दिया लेकिन तीसरा शावक सफेद था। राजा उसे अपने साथ लेकर आए। उसका संरक्षण किया और नाम रखा मोहन। कहते हैं आज दुनिया में जितने भी सफेद शेर हैं वो मोहन की ही संतान हैं। 1960 में अमेरिका के राष्ट्रपति ने रीवा से एक सफेद शेर खरीदा था।

Home / Bhopal / एक किस्सा लोकसभा का: यहां से रियासत के महाराजा को चुनाव हराकर संसद में पहली बार पहुंचा था एक दिव्यांग

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो