scriptप्लॉट पर अवैध निर्माण का विरोध कर रही महिला को गुंडों ने बर्बरता से पीटा | latest crime news in bhopal 3 accused arrested | Patrika News
भोपाल

प्लॉट पर अवैध निर्माण का विरोध कर रही महिला को गुंडों ने बर्बरता से पीटा

महिला ने अजनबी के घर में घुसकर बचाई जान, देर रात तीनों आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

भोपालMay 18, 2019 / 11:31 am

KRISHNAKANT SHUKLA

crime

प्लॉट पर अवैध निर्माण का विरोध कर रही महिला को गुंडों ने बर्बरता से पीटा

भोपाल. निशातपुरा इलाके में अपने प्लॉट पर हो रहे अवैध निर्माण का विरोध करने पर दलित महिला को गुंडों ने बर्बरता से 15 मिनट तक इतना पीटा कि उसके कपड़े तक फट गए। इस दौरान मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही, जिसने महिला की मदद की गुहार नहीं सुनी।

महिला ने अजनबी के घर में घुसकर किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। पुलिस ने तीन आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर इलाके में उनका जुलूस निकाला।

जानकारी के मुताबिक राजवंश कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय पूजा अहिरवार गृहिणी हैं। वह अपनी मां उर्मिला अहिरवार के साथ रहती हैं। उर्मिला ने बताया कि उन्होंने 15 साल पहले शांति नगर में 600 वर्ग फीट का प्लॉट हबीब नामक व्यक्ति से खरीदा था। आर्थिक तंगी की वजह से उस पर निर्माण नहीं कर सकीं। शुक्रवार दोपहर पूजा प्लॉट देखने पहुंची, तो वहां निर्माण कार्य चल रहा था।

उसने देखा कि उसके प्लॉट पर निर्माण कार्य चल रहा है। मौके पर उसे किशन साहू, संजीव तिवारी, धर्मेद्र विश्वकर्मा मिले। जब उन्होंने विरोध किया तो किशन साहू ने धमकाते हुए कहा कि प्लॉट अब उसके नाम है। इसके बाद वह विवाद करने लगा और गाली-गलौच करते हुए अपने साथियों के साथ पूजा पर लाठी, बेल्ट से हमला कर दिया।

निर्वस्त्र करने की धमकी दी

गुंडों ने मुझे बीच सडक़ पर लाठी-बेल्ट से पीटा। कपड़े तक फाड़े। वह मुझे निर्वस्त्र कर घुमाने की धमकी देते रहे। मैं मदद के लिए चीखती रही। भीड़ तमाशा देखती रही। गुंडे जान से मार डालने के लिए करीब 15 मिनट तक हमला करते रहे। थाने गई तो पुलिस भी पहले सुनने को तैयार नहीं हुई, बाद में सुनवाई हुई।
पूजा अहिरवार (जैसा पत्रिका को बताया)

3 दिन पहले दी थी धमकी

घटना के समय पूजा की मां उर्मिला जिला अदालत में थी। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले किशन साहू ने प्लॉट छोडऩे की धमकी दी थी। उसने कहा था कि प्लॉट की तरफ नजर आई तो पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे।

पुलिस अधिकारी को हिस्सेदार बता डराती-धमकाती है गैंग

इलाके में प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े लोगों का कहना कि किशन साहू तो गैंग का सदस्य ही है, सरगना एक बर्खास्त पुलिसकर्मी है, जो विवादित जमीन, खाली प्लॉट पर अवैध कब्जे करता है। वह इसमें शहर में पदस्थ एक पुलिस अधिकारी को हिस्सेदार बताता है। हाल ही में उसने एक किसान को अधिकारी का डर दिखाकर सात एकड़ जमीन हथिया ली, जिस पर प्लॉटिंग की जा रही है।

तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जाति से अपमानित करने का मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
– महेन्द्र सिंह चौहान, टीआइ, निशातपुरा

Home / Bhopal / प्लॉट पर अवैध निर्माण का विरोध कर रही महिला को गुंडों ने बर्बरता से पीटा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो