scriptराहुल ने चुनावी कैंपेन में इस राज्य पर किया फोकस, 16 सभाएं की; पीएम मोदी ने की केवल 8 रैलियां | More meetings of Rahul Gandhi than Modi in mp | Patrika News
भोपाल

राहुल ने चुनावी कैंपेन में इस राज्य पर किया फोकस, 16 सभाएं की; पीएम मोदी ने की केवल 8 रैलियां

पीएम मोदी ने देशभर में 142 तो राहुल गांधी ने 125 रैलियों को किया संबोधित।

भोपालMay 18, 2019 / 12:42 pm

Pawan Tiwari

modi

राहुल गांधी ने चुनावी कैंपेन में इस राज्य पर किया फोकस, 16 सभाएं की; पीएम मोदी ने की केवल आठ सभाएं



भोपाल. मध्यप्रदेश के आठ संसदीय सीटों के लिए 19 मई को मतदान होना है। लोकसभा चुनाव के 7वें चरण के चुनाव के लिए शुक्रवार को चुनाव प्रचार थम गया है। मध्यप्रदेश की जिन 8 सीटों पर वोटिंग होनी है वो सीटें इंदौर, देवास, धार, उज्जैन, खंडवा, खरगोन, मंदसौर और रतलाम हैं। इन सीटों के लिए पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने प्रचार किया है। पीएम मोदी और राहुल गांधी दोनों ही नेताओं ने मध्यप्रदेश में कई रैलियां की हैं। पीएम मोदी से ज्यादा राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश पर फोकस किया है।
मोदी से ज्यादा राहुल गांधी की सभाएं
रैलियों के मामले में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की प्राथमिकता में सबसे ऊपर था, यहां उन्होंने 16 रैलियों को संबोधित किया। राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में अपने चुनावी कैंपने की शुरुआत शहडोल संसदीय सीट से की थी। राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में एक दिन में तीन-तीन सभाएं की हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की जीत हुई थी। कांग्रेस ने यहां 15 साल बाद सत्ता में वापसी की थी। राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में भी इस बार सबसे ज्यादा फोकस मध्यप्रदेश में किया। इस दौरान उनके साथ मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ भी सभी रैलियों में मौजूद रहे। 2018 के विधानसभा चुनावों परिणामों को लोकसभा में भुनाने के लिए राहुल गांधी ने कोई कसर नहीं छोड़ी।

राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में कहां-कहां की सभाएं
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के शहडोल, जबलपुर, होशंगावाद, भिंड, मुरैना, ग्वालियर, रीवा, नीमच, खंडवा, दमोह, पन्ना और टीकमगढ़ जैसे क्षेत्रों में दौरा किया। हालांकि राहुल गांधी प्रचार के लिए भोपाल नहीं पाए। जबकि भोपाल लोकसभा सीट में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और दिग्विजय सिंह के आमने-सामने होने के कारण यह सीट देश के लिए हाइ प्रोफाइल सीट बन गई है। राहुल गांधी ने कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए भी प्रचार नहीं किया। उन्होंने गुना-शिवपुरी संसदीय सीट पर कोई भी रैली नहीं की।
प्रियंका ने भी संभाला मोर्चा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मध्यप्रदेश के सियासी रण में अपनी ताकत छोंकी। प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश दौरे की शुरुआत उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के साथ की। प्रियंका गांधी ने यहां एक रोड शो भी किया। वहीं, उन्होंने रतलाम में जनसभा को संबोधित किया तो भाजपा के गढ़ इंदौर में रोड शो के साथ जनसभा को संबोधित किया।
मोदी के फोकस में रहा बंगाल
मध्यप्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं। पीएम मोदी ने 29 लोकसभा सीटों के लिए प्रदेश में केवल आठ रैलियां की। पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश में चुनावी कैंपेन की शुरुआत सीधी लोकसभा सीट से की। इसके अलावा पीएम मोदी ने जबलपुर, रतलाम, इंदौर समेत आठ रैलियों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव के लिए कुल 141 रैलियों को संबोधित किया इस दौरान उन्होंने उत्तरप्रदेश में सबसे ज्यादा और फिर पश्चिम बंगाल में रैलियां की। पीएम मोदी ने अपने चुनावी कैंपेन की शुरुआत यूपी के मेरठ से की वहीं, समापन मध्यप्रदेश के खरगोन में किया। वहीं, राहुल गांधी ने 67 दिनों में 125 रैलियों को देशभर में संबोधित किया।

Home / Bhopal / राहुल ने चुनावी कैंपेन में इस राज्य पर किया फोकस, 16 सभाएं की; पीएम मोदी ने की केवल 8 रैलियां

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो