भोपाल

मास्टर स्ट्रोकः लोकसभा चुनाव जीतने के लिए अब किसानों को पेंशन देने की तैयारी में कांग्रेस

मास्टर स्ट्रोकः लोकसभा चुनाव जीतने के लिए अब किसानों को पेंशन देने की तैयारी में कांग्रेस
 

भोपालJan 23, 2019 / 12:17 pm

Faiz

मास्टर स्ट्रोकः लोकसभा चुनाव जीतने के लिए अब किसानों को पेंशन देने की तैयारी में कांग्रेस

भोपालः मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव साधने के लिए किसान कर्ज माफी की सौगात देने वाली कांग्रेस अब लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कराने के लिए एक बार फिर किसानों को बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करते हुए प्रदेश में सरकार बनाकर कांग्रेस कर्ज़ माफ़ करने के बाद अब बुज़ुर्ग किसानों को लेकर एक बड़ा मास्टर स्ट्रोक खेलने जा रही है। पीसीसी के सूत्रों का कहना है कि, 8 फरवरी को भोपाल में होने जा रहे किसान सम्मेलन में कांग्रेस एक बार फिर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के ज़रिये बुजुर्ग किसानों को हर महीने पेंशन का ऐलान कर सकती है।

10 लाख किसानों को मिल सकता है लाभ

अगर, 8 फरवरी को राहुल गांधी बुजुर्ग किसानों को पेंशन देने का ऐलान करते हैं, तो इसका सीधा लाभ 60 साल से अधिक उम्र के किसानों को मिलेगा। इन किसानों को हर महीने एक हज़ार रुपए की पेंशन दी जाएगी। सरकार के इस फैसले का लाभ प्रदेश के करीब 10 लाख किसानों को होगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के राजस्व खजाने में करीब 1200 करोड़ रुपए सालाना का भार बढ़ेगा। मध्य प्रदेश में किसान कर्ज़माफी के बाद ये सरकार का दूसरा बड़ा फैसला होगा, जिसका लाभ कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में मिल सकता है।

कर्जमाफी के बाद होगा बड़ा ऐलान

याद हो कि, विधानसभा चुनाव से पहले अपना वचन पत्र जारी करते हुए कांग्रेस ने कर्ज़माफी का वादा किया था, कहीं न कहीं इसका बड़ा लाभ पार्टी को मिला भी। इसलिए पार्टी अब लोकसभा चुनाव में भी किसान को लाभ पहुंचाकर चुनावी लाभ मिलने की उम्मीद में है। कमलनाथ सरकार ने राहुल गांधी के भोपाल में होने वाले मेगा शो में किसानों को ये नया तोहफा देने का प्लान तैयार किया है। इसके लिए कृषि से लेकर वित्त विभाग तक गहन मंथन किया जा रहा है।

ब्रांडिंग में जुटी कांग्रेस

अब तक अपनी ब्राडिंग से किनारा करने वाली कांग्रेस अब लोकसभा चुनाव से पहले ब्रांडिंग करने में जुट गई है। तैयारी इस बात की हो रही है कि, किसान हित के फैसलों से मिलने वाले लाभ का क्रेडिट कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खाते में डाला जा सके और उनकी दिल्ली की राह मज़बूत की जा सके। फिलहाल, प्रदेश कांग्रेस के आला नेताओं को ये टारगेट दिया गया है कि, 8 फरवरी को होने जा रहे राहुल गांधी के किसान सम्मेलन में कम से कम दो लाख से ज़्यादा किसानों को जुटाना होगा।

Home / Bhopal / मास्टर स्ट्रोकः लोकसभा चुनाव जीतने के लिए अब किसानों को पेंशन देने की तैयारी में कांग्रेस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.