बीते 24 घंटों में हुई बारिश से शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज हुआ था। इससे पहले 7 फरवरी को अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के पीके साहा ने बताया कि मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। कई सिस्टम इन दिनों प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं, जिसके कारण बारिश की स्थिति बन रही है।
बारिश ने जलनिकासी की कमजोर व्यवस्था की पोल खोल दी। कई गलियों, मोहल्लों, क्षेत्रों में पानी भर गया। नेहरू नगर की आकाशवाणी कॉलोनी में ही पानी भरा है। पार्क तालाब बन गया। जलनिकासी की नाली पर अन्य कॉलोनी ने निर्माण कर लिया, जिससे पानी निकल नहीं पा रहा। इससे पूरी कॉलोनी परेशान है। रहवासी महेश शर्मा बताते हैं कि ये समस्या हर बार की है, पूरा क्षेत्र परेशान होता है। माता मंदिर के पीछे स्थित पीडब्ल्यूडी क्वार्टर 54 ब्लॉक में एक मकान का छज्जा गिर गया। मलबा ऊपर ही लटक गया। इससे जर्जर भवनों को लेकर निगम की लापरवाही सामने आ रही है। जर्जर भवनों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाती तो इस तरह की स्थिति नहीं बनती। इसके अलावा लिंक रोड, हबीबगंज, शाहपुरा, कोलार समेत अन्य क्षेत्रों में सड़कें लबालब रही। काटजू अस्पताल के पास भी काफी पानी जमा हुआ।