script17 हजार 220 पदों के लिए शिक्षक भर्ती स्थगित! जानिये अब क्या और कैसे होगा | Teacher recruitment postponed in MP | Patrika News
भोपाल

17 हजार 220 पदों के लिए शिक्षक भर्ती स्थगित! जानिये अब क्या और कैसे होगा

युवाओं को अब करना होगा इंतजार…

भोपालDec 22, 2018 / 12:05 pm

दीपेश तिवारी

shikshak bharti

17 हजार 220 पदों के लिए शिक्षक भर्ती स्थगित!

भोपाल। शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बुरी खबर है। वर्षों से शिक्षक बनने की आस में तैयारी कर रहे इन युवाओं को अब करीब एक माह अतिरिक्त इंतजार करना होगा।

दरअसल पीईबी की ओर से 17 हजार 220 पदों के लिए उच्च माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा-2018 परीक्षा जो 29 दिसंबर से शुरू होने वाली थी, उसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई है। वहीं नए सर्कुलर में कहा गया है कि नई तारीख और टाइम टेबल क्या होगा बाद में घोषित किया जाएगा।

इस सूचना के सामने आते ही मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य जिलों के युवाओं ने नाराजगी व्यक्त की है।

प्रदेश में पहले ही शिक्षकों की कमी है, जैसे तैसे इसे पूरा करने के लिए कोशिश की जा रही थी। अब फिर इस भर्ती को आगे बढ़ा दिया जाना कहीं से उचित नहीं कहा जा सकता। लोगों को रोजगार मिलने की आशा थी, लेकिन इसे आगे बढ़ा दिया जाना आम आदमी के साथ धोखे के समान है।
– प्रकाश वर्मा, परीक्षा की तैयारी करता युवक
हम कई वर्षों से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन कभी भर्ती नहीं निकलती कभी सरकारेें केवल घोषणाएं करती रहती है। अब जब ये भर्ती निकली तो इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई। ये किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
– ब्रजेश शर्मा, शिक्षक परीक्षा के लिए तैयारी करता युवक
हम जैसे तैसे करके इसकी तैयारी कर रहे हैं, अब परीक्षा के लिए तैयार हुए तो डेट आगे बढ़ा दी गई। इससे हमारे मनोबल में कमी आती है। कहीं ऐसा न हो कि नई सरकार आते ही अब फिर पुरानी स्थिति हो जाए। यदि ऐसा हुआ तो उम्र के लिहाज से हम बाहर हो जाएंगे।
– राहुल सिंह, परीक्षा की तैयारी करता अभ्यर्थी
यदि पीईबी अब तक एडमिट कार्ड जारी नहीं कर सकी तो ये उसकी गलती है। हम खामियाजा क्यों भुगतें, परीक्षा समय पर होती तो हम उसके लिए तैयार थे। जैसे तैसे पैसा खर्च कर कोचिंग की अब परीक्षा आगे बढ़ा दी तो एक माह और कोचिंग का खर्च कौन देगा।
– वीके यादव, परीक्षा की तैयारी करने वाला युवक
ये है मामला…
सामने आ रही जानकारी के अनुसार प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड भोपाल (पीईबी) ने शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत 29 दिसंबर से शुरू होने वाली उच्च माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा-2018 की तारीख बदल दी है। वहीं इसके एडमिट कार्ड 22 दिसम्बर तक जारी होने थे जो अब अभी जारी नहीं होंगे।
पीईबी की तरफ से नए सर्कुलर में बताया गया है कि ये परीक्षाएं अब एक माह बाद आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही नई तारीख और टाइम टेबल की अभी घोषणा नहीं की गई है। सर्कुलर में कहा गया है कि नई तारीख और टाइम टेबल क्या होगा बाद में घोषित किया जाएगा।
ज्ञात हो कि 17 हजार 220 पदों के लिए आयोजित होने वाली इस परीक्षा में शामिल होने के लिए लाखों उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं।


चेयरमैन भी बदले…
वहीं राज्य शासन ने अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव को अपर मुख्य सचिव पशुपालन विभाग और प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
इनके द्वारा पशुपालन विभाग का कार्यभार ग्रहण करने पर प्रमुख सचिव केसी गुप्ता पशुपालन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।

रोक लगाने की थी मांग…
वहीं इससे पहले भाजपा शासन के दौरान प्रदेश कांग्रेस पोल खोल अभियान समिति के अध्यक्ष और मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षक और उच्च माध्यमिक शिक्षक के लिए प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड द्वारा करायी जाने वाली पात्रता परीक्षा की दोषपूर्ण प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की चुनाव आयोग से मांग की थी।
उस समय भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा था कि वर्तमान सरकार ने बेरोजगार युवाओं खासकर महिलाओं के साथ छल किया किया है। माध्यमिक शिक्षकों और उच्च माध्यमिक शिक्षकों के विज्ञापन में इन गंभीर त्रुटियों के चलते सरकार तत्काल चुनाव आयोग की अनुमति से या तो इसमें संशोधन जारी करवाये या फिर चुनाव आयोग आचार संहिता के चलते वर्तमान भर्ती प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाये।
उनका कहना था कि चुनाव के ठीक पहले युवा बेरोजगारों को लुभाने के लिये ताबड़तोड़ की जा रही इन त्रुटिपूर्ण भर्तियों के कारण निष्पक्ष चुनाव पर प्रश्न चिन्ह लग गया है। उन्होंने इसे तत्काल रोकने का आग्रह चुनाव आयोग से किया।

Home / Bhopal / 17 हजार 220 पदों के लिए शिक्षक भर्ती स्थगित! जानिये अब क्या और कैसे होगा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो