पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय किशोरी शंकराचार्य नगर में मां और भाई के साथ रहती थी। करीब दस साल पहले उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसकी मां चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। नौवीं तक पढऩे के बाद किशोरी ने पढ़ाई छोड़ दी थी। फिलहाल वह घर में रहती थी। बीती 22 नवंबर को किशोरी ने अपने घर में केरोसिन का तेल डालकर खुद को आग लगा ली थी। इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई थी। इस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
शादी का बना रहा था दबाव, धमकी
बारह दिन चली जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की मां, भाई और अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए। बयानों में मां ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाला राज साहू उसकी बेटी को परेशान करता था। वह आए दिन शादी करने का दबाव बनाकर उसे मानसिक प्रताडऩा दे रहा था। जब बेटी ने शादी करने से मना कर दिया तो वह धमकी देने लगा। घटना की रात को भी राज ने फोन कर किशोरी का धमकाया था। जब परिजनों ने उसका विरोध किया तो वह झगड़ा करने के लिए घर तक जा पहुंच गया। अगले दिन किशोरी ने खुद को आग लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मृतका का मोबाइल भी जब्त किया था। साक्ष्य और परिजनों के बयान पर पुलिस ने आरोपी राज साहू के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।