scriptमजबूरी के आशियाने में बिगड़ रही सेहत | Ballabh Garden Dumping Yard | Patrika News
बीकानेर

मजबूरी के आशियाने में बिगड़ रही सेहत

बल्लभ गार्डन डम्पिंग यार्ड के पास बनी तीन दर्जन से अधिक झुग्गियां
झुग्गियों में रह रहे दूसरे राज्यों से आए गरीब-मजदूर
कचरे व गंदगी के पास बने आशियानों में रहने को मजबूर

बीकानेरJul 30, 2021 / 05:49 pm

Vimal

मजबूरी के आशियाने में बिगड़ रही सेहत

मजबूरी के आशियाने में बिगड़ रही सेहत

विमल छंगाणी बीकानेर. शहर भर से एकत्र कचरे और गंदगी के पास जहां कुछ मिनट ठहरना मुश्किल होता है, उस बदबू और कचरे के पास दर्जनों गरीब परिवारों के आशियाने बने हुए है। बल्लभ गार्डन स्थित डम्पिंग यार्ड से महज सौ मीटर की दूसरी पर तीन दर्जन से अधिक झुग्गिया बनी हुई हैं, जिनमें दूसरे प्रदेशों से आए गरीब-श्रमिक परिवार रह रहे हैं। इन परिवारों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी हैं, जो दिन भर कचरे, गंदगी और बदबू के पास रहने को मजबूर है। इन परिवारों के पुरुष और महिलाएं घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था के तहत शहर में ऑटो टिपर से कचरा संग्रहण का कार्य कर रहे हैं। डम्पिंग यार्ड के पास इन झुग्गियों के बनने से जहां कई सवाल उठ रहे हैं, वहीं इन गरीब परिवारों की सेहत पर भी असर पडऩे का खतरा बना रहता है।


चौबीस घंटे गंदगी और बदबू

बल्लभ गार्डन स्थित डम्पिंग यार्ड के पास जहां ऑटो में काम कर रहे मजदूरों की झुग्गियां बनी हुई हैं, वहां चौबीस घंटे गंदगी और बदबू का माहौल है। शहर भर से एकत्र कचरा व गंदगी डम्पिंग यार्ड से महज पचास से सौ फीट की दूरी पर इन मजदूरों की झुग्गिया बनी हुई है। बदबू के माहौल में इनका उठना, बैठना, सोना और खाना-पीना बना हुआ है।

 

डम्पिंग यार्ड के पास आशियाने अनुचित

कचरे और गंदगी के पास झुग्गियां बनाना किसी भी प्रकार से उचित नहीं है। इस माहौल में इन परिवारों के सदस्यों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। पार्षद कमल कंवर के अनुसार निगम प्रशासन को जल्द ध्यान देकर इन मजदूर परिवारों को स्वस्थ वातावरण में ठहराने की व्यवस्था करनी चाहिए। समाजसेवी आदर्श शर्मा के अनुसार कचरे और गंदगी के पास रह रहे कई परिवारों में छोटे बच्चे भी है। कचरे और बदबू भरे माहौल से इन बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

 

 

40 झुग्गिया, 150 मजदूर

डम्पिंग यार्ड के पास अस्थायी रूप से बनी 40 झुग्गियों में करीब 150 मजदूर परिवार रह रहे है। घर-घर कचरा संग्रहण कार्य के लिए निगम से अनुबंधित फर्म बीकानेर वेस्ट केयर के ऑपरेशन हैड नवीन लोढ़ा के अनुसार ये मजदूर परिवार मध्यप्रदेश के है। इन झुग्गियों को शहर में किसी दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। एक बार अस्थायी रूप से ये रह रहे है।

 

ली जाएगी जानकारी

डम्पिंग यार्ड के नजदीक झुग्गियों के बनने और वहां मजदूर परिवारों के रहने की जानकारी मिली है। शुक्रवार ही इसकी पूरी जानकारी ली जाएगी। डम्पिंग यार्ड से दूरी पर इन परिवारों के रहने के स्थान हो, इसके प्रयास किए जाएंगे। संबंधित फर्म से इसकी जानकारी ली जाएगी।

पंकज शर्मा, उपायुक्त नगर निगम, बीकानेर।

Home / Bikaner / मजबूरी के आशियाने में बिगड़ रही सेहत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो