scriptबजट का समय नजदीक, तैयारी भी लगभग पूरी, पर न अब तक तारीख तय न स्थान | bikaner -bikaner nagar nigam budget | Patrika News
बीकानेर

बजट का समय नजदीक, तैयारी भी लगभग पूरी, पर न अब तक तारीख तय न स्थान

नगर निगम – वित्तीय वर्ष 2022-23 का तैयार हो रहा निगम बजट
अगले महीने होनी है प्रस्तावित बजट की साधारण सभा

बीकानेरJan 24, 2022 / 08:20 pm

Vimal

बजट का समय नजदीक, तैयारी भी लगभग पूरी, पर न अब तक तारीख तय न स्थान

बजट का समय नजदीक, तैयारी भी लगभग पूरी, पर न अब तक तारीख तय न स्थान

बीकानेर. नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2022-23 का प्रस्तावित बजट तैयारी की ओर है। निगम की लेखाशाखा के अधिकारी -कर्मचारी बजट को तैयार करने में जुटे हुए हैं। संभावना है अगले सप्ताह की शुरुआत में बजट को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। निगम की बजट सभा फरवरी में प्रस्तावित है। शहर में कोरोना संक्रमितों की लगातार बढ़ रही संख्या के मद्देनजर निगम प्रशासन बजट सभा की तारीख और स्थान अब तक नहीं तय कर पाया है। बजट बैठक को लेकर डीएलबी से मार्गदर्शन लेने का मानस भी निगम प्रशासन बना रहा है।

शहर में कोरोना संक्रमितों की बढ़ रही संख्या को लेकर निगम प्रशासन असमंजस की स्थिति में है। निगम सभागार छोटा होने के कारण सभी पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों के सभागार में उपस्थित रहने के दौरान सोशल डिस्टेंस की पालना सुनिश्चित होती नजर नहीं आ रही है। सोशल डिस्टेंस की पालना के साथ बजट बैठक करवाने के लिए निगम के अतिरिक्त किसी अन्य सभागार में बैठक करवानी होगी, जिसके लिए निगम ने अभी तक प्रक्रिया शुरू नहीं की है।

 

डेढ़ सौ तक रह सकती है संख्या

नगर निगम में निर्वाचित पार्षद 80हैं। वहीं सरकार की ओर से मनोनीत पार्षदों की संख्या 12 है। कई महिला पार्षदों के साथ उनके परिवारजन भी बैठक के दौरान सभागार में उपस्थित रहते हैं। बीस के करीब निगम के अधिकारियों -कर्मचारियों की संख्या रहती है। जबकि इतनी ही संख्या में कवरेज के लिए मीडिया कर्मी मौजूद रहते हैं। निगम की बजट सभा के दौरान सदन में करीब 150 की संख्या रहने का अनुमान है। कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे प्रभाव को देखते हुए सोशल डिस्टेंस की पालना करवाना निगम प्रशासन के लिए चुनौती रहेगी।

 

अब होंगे तारीख व स्थान तय

निगम आयुक्त पंकज शर्मा के अनुसार बजट लगभग तैयार है। कोरोना के सामने आ रहे रोगियों को देखते हुए अब तक बजट सभा की तारीख व स्थान तय नहीं किए हैं। कोविड प्रोटोकोल की पालना के साथ बजट सभा आयोजित की जाएगी। 31 जनवरी के बाद प्रभावी रहने वाली कोविड गाइडलाइन की पालना अनुसार बजट सभा पर निर्णय लिया जाएगा।

Home / Bikaner / बजट का समय नजदीक, तैयारी भी लगभग पूरी, पर न अब तक तारीख तय न स्थान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो