scriptकपिल सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी | bikaner news: The dip of faith in Kapil lake | Patrika News

कपिल सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी

locationबीकानेरPublished: Nov 13, 2019 01:44:46 am

Submitted by:

Hari

श्रीकोलायत मेला : 52 घाटों पर दिनभर भीड़, कपिल सरोवर में स्नान के लिए पहुंचे साधु-संत और श्रद्धालु, मंदिरों में लगाई धोक और किया दीपदान

कपिल सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी

कपिल सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी

बीकानेर श्रीकोलायत. भगवान विष्णु का अवतार माने जाने वाले और सांख्य दर्शन के प्रणेता कपिल मुनि की तप स्थली कपिलायतन ‘श्री कोलायत’ में पांच दिवसीय मेले की पूर्णाहुति मंगलवार को हुई।


कार्तिक पूर्णिमा पर मेले के अंतिम मंगलवार को कपिल सरोवर सहित आस-पास का क्षेत्र कपिल मुनि के जयकारों, शंख-घंटियों की ध्वनि से गूंजायमान रहा। कतारबद्ध दर्शन के लिए बढ़ते श्रद्धालु। सरोवर में हिलारे लेती आस्था का मनोरम दृश्य देखते ही बनता था। मेले के अंतिम दिन दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं और साधु-संतों ने कपिल सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई।

राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और सरोवर में स्नान कर मंदिरों में धोक लगाई। बाद में तालाब के सभी घाटों पर दीपदान किया।


सर्दी पर भारी आस्था
स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की आस्था सर्द हवा पर पर भारी पडी़। अल सुबह चार बजे से ही लोग कपिल सरोवर के घाट पर स्नान के लिए पहुंचने शुरू हो गए। यह सिलसिला दिनभर चला। श्रद्धालुओं को स्नान के लिए मुख्य घाट पर जगह नहीं मिलने पर अन्य घाटों पर जाना पड़ा। यहां सभी 52 घाटों पर भीड़ रही।
वहीं कपिल मुनि, गंगा मैया, द्वादश ज्योतिर्लिंग, बारह महादेव मंदिरों सहित अन्य देव मंदिरों में दर्शन करने के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। कपिल मुनि आश्रम में आचार्य शिव कुमार के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की गई। बुधवार को जागेरी धाम में मृगला स्नान होगा।

रोटे का लगा भोग
नागा साधुओं एवं दशनाम संतों की सनातन परंपरा अनुसार सोमवार रात 11 किलो के रोटे का भोग लगाया गया। साथ ही चरण पादुका पूजन-अर्चन के बाद महाआरती की गई। महंत सोमगिरी महाराज ने कपिल मुनि व दत्तात्रेय भगवान के जयकारों के साथ भोग लगाया। साधकों ने अखाड़ों व आश्रमों में संत-महात्माओं के दर्शन किए।

जय हो गंगा मैया…
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कपिल उद्यान में गोसेवी पदमाराम कुलरिया के सान्निध्य में भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में कौशल्या रामावत व पूजा रामावत सहित अन्य कलाकारों ने ‘जय हो गंगा मैया’ सरीखे भजनों से समां बांध दिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री भंवरसिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिी, ग्रामीण व प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे
कपिल सरोवर में शाम 6 बजे वेद मंत्रों और शंख ध्वनि के साथ महाआरती की गई। जिला कलक्टर ने द्रव्य पदार्थों से रुद्राभिषेक किया। कपिल सरोवर के 52 घाटों सहित पूरा परिक्रमा मार्ग, बारह महादेव मंदिर, कपिल उद्यान, पंच मंदिर, गंगा मैया मंदिर सहित विभिन्न घाटों पर दीपदान किया गया। महाआरती के अवसार पर उच्च शिक्षा मंत्री भंवरसिंह भाटी, उपखंड अधिकारी प्रदीप कुमार चाहर, राजस्व तहसीलदार हनुमान दान देवल, विकास अधिकारी दिनेशसिंह भाटी, सरपंच देवीसिंह रावलोत, उपसरपंच कैलाशी देवी पुरोहित, प्रधान जयवीर सिंह भाटी, महंत सोमगिरी महाराज, न्यायाधीश नवनीत अग्रवाल और मुख्य समन्वयक राजेंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इससे पहले पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा ने महाआरती परिसर का निरीक्षण कर निर्देश दिए। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण किरण गोदारा, पुलिस उप अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी, कोलायत थानाप्रभारी विकास बिश्नोई, मुकेश सोनी, प्रवेंद्र, राणीदान सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो