scriptमंत्रालयिक कार्मिकों की पेन डाउन हड़ताल, न्यास कार्मिकों ने बांधी काली पट्टी | bikaner -pen down strike | Patrika News
बीकानेर

मंत्रालयिक कार्मिकों की पेन डाउन हड़ताल, न्यास कार्मिकों ने बांधी काली पट्टी

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री के अशोभनीय व्यवहार पर विरोध जारी
 

बीकानेरNov 24, 2022 / 01:04 pm

Vimal

मंत्रालयिक कार्मिकों की पेन डाउन हड़ताल, न्यास कार्मिकों ने बांधी काली पट्टी

मंत्रालयिक कार्मिकों की पेन डाउन हड़ताल, न्यास कार्मिकों ने बांधी काली पट्टी

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश चंद्र मीणा की ओर से जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल के प्रति किए गए अशोभनीय व्यवहार पर नगर विकास न्यास एवं कलक्टर, तहसील, उपखंड व रसद विभाग के कर्मचारियों का विरोध जारी है। बुधवार को मंत्री मीणा के अशोभनीय व्यवहार के विरोध में कलक्टर कार्यालय, एडीएम प्रशासन, एडीएम सिटी, रसद विभाग, जिले की सभी तहसीलों व उपखंड कार्यालयों में कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारियों ने पेन डाउन हड़ताल रखकर विरोध प्रकट किया। राजस्थान राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी संघ की जिला शाखा के अध्यक्ष अशोक सिंह गौड के अनुसार मंत्रालयिक कर्मचारियों ने पेन डाउन हड़ताल रखी। पेन डाउन हड़ताल के कारण कलक्टर कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में सन्नाटा पसरा रहा।

वहीं नगर विकास न्यास के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। यूआईटी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अश्विनी कुमार आचार्य के अनुसार कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्यालयी कार्य किया। संघ कार्यकारिणी की बैठक में गुरुवार को भी विरोध का क्रम जारी रखने का निर्णय लिया। आचार्य के अनुसार इस दौरान जय गोपाल, जितेन्द्र सिंह सेंगर, श्रीरतन व्यास,आलोक सिंह, चुन्नीलाल, नंद किशोर, दिलिप सिंह, मनीष खत्री, मोहम्मद शाहिद, याकूब, मोहम्मद आरिफ सहित न्यास कर्मचारी उपिस्थत रहे।

गौरतलब है कि बीकानेर में रवीन्द्र रंगमंच में हुए एक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री ने अपने भाषण के दौरान मोबाइल पर बात करने के दौरान बीकानेर जिला कलक्टर को टोका व बाहर जाने के लिए कहा था। मंत्री के इस व्यवहार से कलक्टर कार्यालय व नगर विकास न्यास के कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। मंगलवार को भी न्यास व कलक्टर कार्यालय के कर्मचारियों ने कलक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया था। न्यास कर्मचारियों ने हाथों पर पट्टी बांधकर आधे दिन की पेन डाउन हडताल रखी थी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो