बीकानेर. कोरोना महामारी के बाद रंग-बिरंगी पोशाक पहने हंसती खिल खिलाती लड़कियों के चेहरे तथा आत्मविश्वास और जोश से सराबोर उनकी भंगिमाएं सब को सुकून देने वाली थी। हार-जीत से बेपरवाह इन खिलाडिय़ों को देखकर लगता ही नहीं की ये लंबे समय बाद खेल के मैदान में आई हैं। अवसर था 65 वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का। इसमें 17 व 19 आयु वर्ष वर्ग के छात्र-छात्रा खेलों में भाग लेने पहुंचे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ जिसमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी एवं गैरसरकारी विद्यालयों की टीमें भाग लेने पहुंची। प्रतियोगिता में फुटबॉल, जिमनास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, सॉफ्टबॉल, तैराकी, वॉलीबॉल, कुश्ती, कबड्डी की टीमों ने मैदान में अपना दमखम दिखाया।