scriptभाजपा और कांग्रेस में टिकट की दौड़ तेज, जोड़-तोड़ में जुटे स्थानीय नेता | Rajasthan Ka Ran | Patrika News
बीकानेर

भाजपा और कांग्रेस में टिकट की दौड़ तेज, जोड़-तोड़ में जुटे स्थानीय नेता

बीकानेर. भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने विधानसभा चुनाव के लिए टिकट का जुगाड़ करने को दौड़ तेज कर दी है। कांग्रेस के टिकट दावेदार शुक्रवार को जयपुर पहुंचे और स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा को बायोडेटा सौंपा। वहीं भाजपा के कैडरबेस नेताओं को १४ अक्टूबर को रणकपुर (पाली) बुलाया गया है।

बीकानेरOct 13, 2018 / 09:52 am

जय कुमार भाटी

Rajasthan Ka Ran

Rajasthan Ka Ran


बीकानेर. भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने विधानसभा चुनाव के लिए टिकट का जुगाड़ करने को दौड़ तेज कर दी है। कांग्रेस के टिकट दावेदार शुक्रवार को जयपुर पहुंचे और स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा को बायोडेटा सौंपा। वहीं भाजपा के कैडरबेस नेताओं को १४ अक्टूबर को रणकपुर (पाली) बुलाया गया है।
इसके लिए प्रदेश स्तर से बैठक में शामिल होने वालों का कैडर तय किया गया है। माना जा रहा है कि इस बैठक में भाजपा के टिकट दावेदारों के नाम लिए जाएंगे। इसके लिए जिले की सातों सीटों पर शुक्रवार को नेताओं की सक्रियता रही।
कांग्रेस: ढाई घंटे जुटे रहे नेता
जयपुर में शुक्रवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होने की भनक लगते ही गुरुवार रात को ही जिले से कांग्रेसी नेता जयपुर रवाना हो गए थे। कमेटी अध्यक्ष कुमारी शैलजा जयपुर में खासा कोठी स्थित होटल में बैठक लेने वाली थी। यहां पर दावेदार पहुंच गए। लेकिन बाद में यह बैठक होटल आमेर क्लार्क में दोपहर १२:३० बजे चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा की अध्यक्षता में शुरू हुई। बैठक में कमेटी के 16 सदस्य भी शामिल हुए। इसका पता चलते ही जयपुर पहुंचे हुए कांग्रेस के टिकट दावेदार डॉ. बीडी कल्ला, सुनीता गौड़, गोविन्दराम मेघवाल, राजेन्द्र मूंड, वल्लभ कोचर, रेवंतराम पंवार, सुशीला सींवर आदि अपना बायोडेटा देने होटल पहुंचे। करीब ढाई घंटे बाद बैठक समाप्त होने पर शैलजा से मिलने का प्रयास किया, लेकिन दावेदारों की भीड़ अधिक होने के चलते कमेटी अध्यक्ष ने कमेटी सदस्य साकिर को बायोडेटा लेने के लिए नियुक्त किया। इसके बाद बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर सहित अन्य जिलों से पहुंचे दावेदारों ने बायोडाटा जमा कराया। माना जा रहा है कि कांग्रेस की टिकटों की पहली सूची २० अक्टूबर तक सामने आ जाएगी।
भाजपा: लिए जाएंगे 3-3 नाम
भाजपा की १४ अक्टूबर को रणकपुर में होने वाली बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव-२०१३ (धौलपुर बैठक) की तरह रणकपुर में सभी से तीन-तीन दावेदारों के नाम लिए जाएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार शहर और देहात जिला क्षेत्र से बैठक में शामिल होने वालों का कैडर तय किया गया है। इसमें भाजपा के वर्तमान एवं पूर्व सांसद-विधायक, जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी (मैन बॉडी), मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, निगम महापौर, नगर निगम भाजपा पार्षद, न्यास अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, निगमों और बोर्ड के अध्यक्ष, देहात में नगर पालिका चेयरमैन-पूर्व चेयरमैन, मंडी समिति अध्यक्ष, सहकारी बैंक अध्यक्ष, जिला प्रमुख एवं पूर्व जिला प्रमुख, प्रकोष्ठ एवं प्रकल्प के प्रदेश व जिला संयोजक शामिल होंगे। चर्चा रही कि बैठक में शामिल नेता अपना नाम खुद प्रस्तावित नहीं करेगा। एेसे में दिनभर भाजपा नेता अपना नाम प्रस्तावित करने के लिए जोड़-तोड़ में जुटे रहे। बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा नेता बसों और निजी वाहनों से शनिवार को रवाना होंगे।

Home / Bikaner / भाजपा और कांग्रेस में टिकट की दौड़ तेज, जोड़-तोड़ में जुटे स्थानीय नेता

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो