scriptविदेशी धरा पर बिखरेंगे मरुधरा के रंग, जीमण 23 को लंदन में | The colors of Marudhara scattered on the foreign side | Patrika News
बीकानेर

विदेशी धरा पर बिखरेंगे मरुधरा के रंग, जीमण 23 को लंदन में

लन्दन में रहने वाले राजस्थानी परिवार अपनी कला और संस्कृति से जुड़े रहने के लिए 23 जून को लंदन में सामूहिक भोज (जीमण) का आयोजन कर रहे हैं।

बीकानेरJun 22, 2019 / 08:55 pm

Surya prakash

विदेशी धरा पर बिखरेंगे मरुधरा के रंग, जीमण 23 को लंदन में

विदेशी धरा पर बिखरेंगे मरुधरा के रंग, जीमण 23 को लंदन में

बीकानेर. लन्दन में रहने वाले राजस्थानी परिवार अपनी कला और संस्कृति से जुड़े रहने के लिए 23 जून को लंदन में सामूहिक भोज (जीमण) का आयोजन कर रहे हैं। इन दिनों आयोजन की तैयारी लन्दन में जोर-शोर से चल रही है। आयोजन में प्रवासी राजस्थानी पारम्परिक वेशभूषा में शामिल होने के साथ मरुधरा के प्रशिद्ध घूमर नृत्य में शामिल होंगे। आयोजन से जुड़ी बीकानेर मूल की पुष्पा सियाग ने ‘राजस्थान पत्रिका’ को बताया कि विदेशी धरती पर राजस्थानी संस्कृति को संजोकर रखने वाली राजस्थान एसोसिएशन यूके की तरफ से चार साल से जीमण का आयोजन किया जा रहा है। इस बार जीमण की तैयारी बड़े पैमाने पर चल रही है। लंदन के हर हिस्से में रहने वाले राजस्तानी इस समारोह में शामिल होंगे। सभी पुरुष और महिलाएं पारंपरिक राजस्थान परिधान में नजर आएंगे। कार्यक्रम से राजस्थान के सभी प्रवासियों को अपनी धरती और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश मिलता है।
मिट्टी से जुड़ाव के लिए बनाया संगठन
जीमण में आने लोगों का कहना है कि विदेशी धरती पर रहते हुए भी अपने देश की मिट्टी को भूल नहीं पा रहे थे। इसीलिए उन्होंने राजस्थान एसोसिएशन यूके बनाई और अपनी संस्कृति से जुड़े आयोजन शुरू किए। हर साल गणगौर और जीमण मुख्य आयोजन रहते है। मार्च में ईसर गणगौर की सवारी निकली जाती है।
इस बार हजार के पार
जीमण 2016 में पहली बार हुआ, तब 400 से 500 राजस्थानियों ने इसमें हिस्सा लिया। इस साल रविवार को होने वाले आयोजन में यह संख्या बढ़कर एक हजार से ज्यादा हो सकती है।
दाल-बाटी और चूरमा
जीमण में राजस्थानी पकवान दाल-बाटी व चूरमा बनाया जाता है। समारोह में सभी लोग नीचे बैठकर देसी तरीके में खाने का लुफ्त उठाएंगे। साथ ही राजस्थानी संगीत बजाया जाएगा। समारोह में सबसे अच्छी बात यह देखने को मिलती है किसी भी समूह के द्वारा यहां प्रस्तुति नहीं दी जाती। सभी कार्यकर्ता, उनके परिवार के लोग और बच्चे इस समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। आखिर में सभी महिलाएं सामूहिक राजस्थानी लोक नृत्य घूमर करती है।
यह होंगे मेहमान
जीमण-2018 समारोह में जोधपुर के पूर्व महाराजा गजसिंह शामिल हुए थे। इस बार लंदन के डिप्टी कमिश्नर चरणजीत सिंह समारोह में मेहमान के रूप में शामिल होंगे। राजस्थान एसोसिएशन ने जीमण नाम से एक मैगजीन का प्रकाशन भी शुरू किया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि आने वाली पीढ़ी को राजस्थानी संस्कृति से जोड़े रखने के लिए समारोह लंदन में करवा रहे हैं।

Home / Bikaner / विदेशी धरा पर बिखरेंगे मरुधरा के रंग, जीमण 23 को लंदन में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो